रबी फसल की बंपर पैदावार की उम्मीद
जागरण संवादाता साहिबगंज कृषि बहुल राजमहल प्रखंड के प्राणपुर कोयला बाजार के किसान सलीम
जागरण संवादाता, साहिबगंज: कृषि बहुल राजमहल प्रखंड के प्राणपुर कोयला बाजार के किसान सलीम खान के चेहरे खिले हैं। पहली बार उनके खेत में गेहूं की बंपर फसल लहलहा रही है। जिला कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीक का लाभ लेकर व आत्मा से बीज हासिल कर सलीम खान ने एक हेक्टेयर जमीन पर गेहूं की खेती की है। दरअसल साहिबगंज जिले में इस साल रबी फसल की बंपर पैदावार की उम्मीद किसानों में जगी है। जिले में इस साल रबी सीजन में 50 हजार हेक्टेयर में खेती के लक्ष्य के विरूद्ध 47 हजार हेक्टेयर में खेती की गई है। जो कुल लक्ष्य का 94 फीसद है। इसमें गेहूं, सरसों, चना, मक्का, तीसी, मसूर व मटर की फसल शामिल है। बेहतर खेती के लिए किसानों को चार हजार क्विटल से अधिक बीज का वितरण भी किया गया है।
--------------------
फसल - लक्ष्य - आच्छादन हेक्टेयर में
गेहूं - 13000 - 12615
सरसों - 15000 - 14105
चना - 11000 - 10270
मक्का - 1100 - 1057
तीसी - 3500 - 3317
मसूर - 4500 - 3910
मटर - 2200 - 2160
-------
कुल - 50,300 - 47, 424
--------
बढ़ रहा गेहूं, सरसों व चना के आच्छादन का दायरा
साहिबगंज जिले में रबी सीजन में सरसों व चना के आच्छादन का दायरा बढ़ता जा रहा है। जिले के चार कृषि बहुल प्रखंड साहिबगंज, राजमहल, उधवा व बरहड़वा में किसान ज्यादा पैदावार हासिल कर आय बढ़ाने के लिए दोनों फसलों के ज्यादा आच्छादन पर जोर दे रहे हैं। इसके लिए किसानों को आत्मा व जिला कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से बीज के साथ उन्नत तकनीक की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में खरीफ सीजन में धान का आच्छादन सबसे ज्यादा होता है। परंतु रबी सीजन में भी इससे ज्यादा जमीन पर खेती किसान करते हैं।
------
जिले में इस साल गेहूं, चना व सरसों की खेती सबसे ज्यादा की गई है। इसके लिए किसानों को पैकेट बंद बीज भी उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा अन्य फसल भी लगी है। जिसकी बंपर पैदावार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
उमेश तिर्की, जिला कृषि पदाधिकारी, साहिबगंज
--------
जिले में किसानों ने रबी सीजन में तकनीक का बेहतर इस्तेमाल कर खेतों में सरसों, चना व गेहूं की खेती की है। किसानों को उन्नत किस्म का सरसों बीज दिया गया है। राजमहल प्रखंड में गेहूं व सरसों की खेती सबसे ज्यादा है। अन्य फसलें भी खेतों में लहलहा रही है।
डॉ. अमृत कुमार झा, प्रधान विज्ञानी, केविके, साहिबगंज