साहिबगंज में हत्या के मुकदमे की गवाह को बम से उड़ाया
जाटी साहिबगंज जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र के चानन गांव में शनिवार की रात करीब साढ़े आठ
जाटी, साहिबगंज : जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र के चानन गांव में शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे कुख्यात अपराधी मुन्ना मंडल की मां सीतामुनी देवी (55) की बम मारकर हत्या कर दी गई। मुन्ना की हत्या भी गत वर्ष सात जून उसके शागिर्द कृष्णा मंडल ने गांव में गोली मारकर की थी। उस मामले में सीतामुनी देवी ने कृष्णा मंडल, संजू रविदास, विक्की रविदास, लालू सहनी, संतोष चौरसिया एवं बबलू मंडल पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सीतामुनी इस मामले की मुख्य गवाह थी। न्यायालय में उसकी गवाही से पहले ही उसे बम से उड़ा दिया गया। सीतामुनी की हत्या के मामले में उसके भाई राकेश मंडल के बयान पर जिरवाबाड़ी ओपी में कृष्णा मंडल, उसके दो भाइयों समेत 16 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इस मामले में पुलिस ने पीरपैंती निवासी पंकज कुमार व महाराजपुर निवासी गणपत मंडल को हिरासत में लिया है। इन दोनों की रिश्तेदारी चानन गांव में है। वे अक्सर यहां आते-जाते हैं। दोनों का संबंध कृष्णा मंडल से होने की आशंका के कारण पुलिस ने उनको पूछताछ के लिए पकड़ा है।
सब्जी बेचकर घर लौट रही थी सीतामुनी :
मुन्ना मंडल की मां सीतामुनी देवी शनिवार को पुलिस लाइन के समीप सब्जी बेचने गई थी। सब्जी बेचकर वह रात को घर वापस आ रही थी। उसके साथ भाई राकेश मंडल व उसकी पत्नी भी थी। राकेश मंडल व उसकी पत्नी आगे बढ़ गए। इस बीच सीतामुनी उनसे कुछ पीछे रह गई। इसका फायदा हमलावरों ने उठाया। चानन रोड पर घात लगाकर बैठे इन अपराधियों ने उन पर पीछे से बम फेंक दिया। बम सीतामुनी के शरीर से टकराकर फट गया। उनकी कमर के नीचे का भाग बम के प्रहार से उड़ गया। इस दौरान दहशत फैलाने को अपराधियों ने सात-आठ राउंड फायरिग की। हालांकि सीतामुनी को गोली नहीं लगी। घटना को अंजाम देकर अपराधी भाग निकले। स्थानीय लोगो ने पुलिस को सूचना दी। एसडीपीओ नवल शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गहन छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोट :
मुन्ना मंडल की मां सीतामुनी की हत्या बम मारकर शनिवार की रात कर दी गई। इस मामले में कृष्णा मंडल समेत 16 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। छानबीन में तकनीकी सेल का भी सहारा ले रहे हैं। गवाहों की सुरक्षा के लिए पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है।
एचपी जनार्दनन, एसपी, साहिबगंज