निरीक्षण में कस्तूरबा में मिली एक शिक्षिका
बीडीओ श्रीमान मरांडी ने गुरूवार को विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया गया। सबसे पहले सुबह
मंडरो (साहिबगंज) : बीडीओ श्रीमान मरांडी ने गुरुवार को विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। सुबह आठ बजे वे मवि. मिर्जाचौकी कलस्टर पहुंचे। वहां पानी व शौचालय व्यवस्था को देखा। पुलिस बल के नहाने के लिए नलों की संख्या बढ़ाने के लिए महादेववरण मुखिया को आवश्यक निर्देश दिया। मतदान केंद्र 45 पहाड़पुर समेत दर्जनों बूथ का निरीक्षण किया। वे उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय गोसाइचक भी गए। वहां एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था। बसाहा गांव में बन रहे प्रधानमंत्री आवास को भी देखा। बसाहा में ही आंगनबाड़ी का भी निरीक्षण किया। गांव वालों से पता चला कि 8 सालों से उक्त केंद्र बंद है। बसाहा पंचायत के दर्जनों राशन लाभुकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को राशन डीलर की मनमानी से अवगत कराया। मौके पर सभी लाभुकों को आश्वासन दिया कि राशन डीलर पर कार्रवाई की जाएगी। कौडिखूटाना के कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। वहां सिर्फ एक शारीरिक शिक्षिका मौजूद थी। वार्डन किसी काम से भगैया गई थी। पांच अंशकालीन शिक्षकों में से कोई उपस्थित नहीं था। कई की तो तीन से चार दिन की उपस्थिति भी नहीं बनी थी। वही बच्चों ने मीनू के अनुरूप भोजन नहीं मिलने की भी शिकायत की। वर्ग 6 से 8 में गणित की पढ़ाई वर्षभर नहीं हुआ जबकि इस विषय की पढ़ाई वार्डन स्वयं कराती हैं। बच्चों के बयान से पता चलता है कि रात के भोजन में रोटी बच्चों से ही बनवाया जाता है जबकि तीन रसोइया इस कार्य के लिए नियुक्त है। बाद में निरीक्षण की जानकारी मिलने पर वार्डन उपस्थित हुई जिससे प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कई आवश्यक कागजात दिखाने को कहा किन्तु दिखा नहीं पाई। इस संबंध में 26 अप्रैल को जांच दल के साथ कस्तूरबा विद्यालय की जांच की जाएगी। उस दिन सभी को उपस्थित रहने को कहा गया है। मौके पर निर्वाचन कर्मी संजय मंडल उपस्थित थे।