Jharkhand: ईद के मेले में छेड़खानी पर बवाल, पथराव के बाद पुलिस फायरिंग
राजमहल थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में उपद्रवियों पर काबू पाने को पुलिस ने आठ से दस राउंड हवाई फायरिंग की। पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
राजमहल (साहिबगंज), जेएनएन। झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में बुधवार को हुई छेड़खानी की एक घटना के बाद बुलाई गई पंचायत में गुरुवार को विवाद भड़क गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रुख अख्तियार कर लिया। उपद्रवी तत्वों ने बीच-बचाव करने गई पुलिस पर पथराव किया। एक दर्जन दुकानों में तोडफ़ोड़ की। उपद्रवियों पर काबू पाने को पुलिस ने आठ से दस राउंड हवाई फायरिंग की। पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
- फुलवारी ईदगाह के समीप मेले में लड़की से छेड़खानी के बाद हुई पंचायत में दो गुटों में भिड़ंत
- पंचायत ने लिया आर्थिक और सामाजिक दंड का निर्णय
- आरोपित को जूते की माला पहनाकर घुमाने के प्रयास के बाद हिंसक हुए लोग
बुधवार को राजमहल थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की अपने भाई के साथ फुलवरिया ईदगाह के पास लगे मेले में घूमने आई थी। वहां उसके ही समुदाय के रजवाड़ा क्षेत्र के कुछ युवक भी थे। उनमें से एक ने उससे छेड़छाड़ की। सूचना पाकर मुर्गीटोला में रहनेवाले लड़की के कुछ रिश्तेदार पहुंच गए और उन युवकों के साथ मारपीट की। तब बीच बचाव कर मामले को शांत कराया गया।
गुरुवार को ईदगाह के पास पंचायत कराने का निर्णय हुआ। सुबह आठ बजे पंचायत शुरू हुई। पंचायत में छेडख़ानी करने वाले युवक को आर्थिक दंड के साथ साथ सामाजिक दंड देने का फैसला हुआ। आरोपित युवक को जूते की माला पहनाकर घुमाने का प्रयास किया गया। बस युवक के पक्ष के लोग उत्तेजित हो गए। उन्होंने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया।
ईद को लेकर पांच पुलिसकर्मी यहां पहले से तैनात थे। वे माहौल को शांत करने पहुंचे तो उपद्रवियों ने पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया। बचाव में पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं। उपद्रवियों ने फुलवरिया ईदगाह के आसपास की एक दर्जन दुकानों में तोडफ़ोड़ की।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप