Move to Jagran APP

Murder in Love Affair: प्रेमिका के मंगेतर पर फायरिंग कर खुद को गोली से उड़ाया Khunti News

Khunti News Jharkhand युवक का एक महिला पुलिसकर्मी से प्रेम संबंध था। दोनों शादी भी करना चाहते थे। इसी बीच लड़की के घर वालों ने उसकी मंगनी एक पुलिसकर्मी से कर दी। गोली लगने से घायल पुलिसकर्मी को रिम्स रेफर किया गया है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Mon, 12 Oct 2020 03:59 PM (IST)Updated: Tue, 13 Oct 2020 09:13 AM (IST)
Murder in Love Affair: प्रेमिका के मंगेतर पर फायरिंग कर खुद को गोली से उड़ाया Khunti News
घटना के संबंध में पूछताछ करती पुलिस।

खूंटी, जासं। खूंटी जिले के मुरहू थानांतर्गत गम्हरिया में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में एक सनकी युवक ने अपनी प्रेमिका के मंगेतर को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। गोली लगने से जहां पुलिसकर्मी विक्रम कंडुलना (मंगेतर) घायल है, वहीं खुद को गोली मारने वाले युवक मोजेस धनवार की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही बिंदुओं पर जांच कर रही है। घायल पुलिसकर्मी को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया है।

loksabha election banner

जानकारी के अनुसार मोजेस डेढ़ साल पहले हत्या, लूट व आम्र्स एक्ट के मामले में जेल गया था। उसका गम्हरिया पंचायत क्षेत्र की एक सहायक पुलिसकर्मी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन लड़की के घर वाले विवाह करने के खिलाफ थे। जब मोजेस जेल में था तो उस दौरान लड़की (मोजेस की प्रेमिका) के बहनोई तोरपा के गंगईटोली निवासी बीएसएफ के जवान बंधन भेंगरा ने अपनी साली की मंगनी मरचा निवासी सहायक पुलिसकर्मी विक्रम कंडुलना से करा दी थी। जेल से छूटने के बाद जब मोजेस को इस बात का पता चला तो उसे यह बात नागवार गुजरी।

अस्पताल में इलाजरत घायल सहायक पुलिसकर्मी विक्रम कंडुलना।

विवाद सुलझाने गांव पहुंचा था पुलिसकर्मी

घायल पुलिसकर्मी विक्रम कंडुलना ने पुलिस को बताया कि मोजेस का आपराधिक इतिहास रहा है। रविवार की शाम मोजेस अपने दो साथियों के साथ गंगईटोली पहुंचा और अपनी पुरानी प्रेमिका के बहनोई बंधन भेंगरा को डराने के लिए हवाई फायरिंग की। बंधन भेंगरा ने इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी। इसके बाद सोमवार की सुबह विक्रम कंडुलना 16-17 लोगों के साथ इस विवाद को सुलझाने के लिए मोजेस धनवार के गम्हरिया स्थित घर पहुंचा।

इसी दौरान मोजेस अपने एक अज्ञात अपराधी दोस्त के साथ हाथ में पिस्टल लिए उनके सामने खड़ा हो गया। अभी बात शुरू ही हुई थी कि मोजेस ने गोली चला दी, जो विक्रम कंडुलना की बांह में लगी। इसके बाद दोनों भागने लगे। गंगईटोली से आए बंधन भेंगरा और उनके सभी साथियों ने दोनों का पीछा शुरू किया। मोजेस का दोस्त तो भाग निकला, लेकिन मोजेस गिर गया।

उसका पीछा कर रहे लोग अब उससे महज 20 फीट दूर थे, तभी मोजेस ने अपनी पिस्टल कनपटी पर सटाकर खुद को गोली मार ली। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मुरहू के पुलिस इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह और मुरहू थाना प्रभारी पप्पू शर्मा गम्हरिया गांव पहुंचे। पुलिस मौके पर मिलीं सात मोटरसाइकिलों को थाने ले आई है। वहीं शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

'अभी यह कहना मुश्किल है कि मोजेस ने ही खुद को गोली मारी थी या किसी और ने उसकी हत्या की है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।' -आशीष महली, एसडीपीओ, खूंटी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.