बिहार के औरंगाबाद से अपह्रत युवक की गोली मारकर हत्या, पलामू में कार में मिला शव Palamu News
Jharkhand News झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत छतरपुर थाना क्षेत्र से शव बरामद किया गया है। युवक बिहार के औरंगाबाद से एक मामले में न्यायलय से आपसी विवाद में निपटारे के बाद मंगलवार की रात घर लौट रहा था। रास्ते में उसका अपहरण कर लिया गया।
पलामू, जासं। झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत छतरपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानी घाटी स्थित दोमुहानी पुल के निकट बुधवार तड़के एक स्विफ्ट कार से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय राहुल कुमार सिंह का मंगलवार को बिहार से अपहरण करने के बाद हत्या की गई है। मृतक राहुल बिहार के औरंगाबाद जिला के नबीनगर थाना के रामनगर गांव निवासी दिनेश सिंह का पुत्र था।
जानकारी के अनुसार पलामू जिला अंतर्गत छतरपुर थाना की पुलिस रात्रि गश्त पर निकली थी। इसी दौरान देखा कि छतरपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानी घाटी स्थित एनएच 98 के दोमुहानी पुल के निकट सड़क पर शीशा टूटा हुआ कार खड़ी है। पुलिस वहां पहुंची तो पाया कि कार की अगली सीट पर एक युवक का शव पड़ा है। युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस युवक के शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल कर रही है।
छतरपुर थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण ने बताया कि उक्त युवक बिहार के औरंगाबाद से एक मामले में न्यायलय से आपसी विवाद में निपटारे के बाद मंगलवार की रात घर लौट रहा था। रास्ते में अपराधियों ने उसका अपहरण कर लिया। मंगलवार की शाम परिजनों ने औरंगाबाद जिला के नबीनगर थाना में राहुल के अपहरण किए जाने संबंधित प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इसी बीच औरंगाबाद जिला के अम्बा मुख्य पथ के पास अपहरणकर्ताओं ने स्विफ्ट कार में गोली मार कर राहुल की हत्या कर दी। इसके बाद शव समेत स्विफ्ट कार को झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानी घाटी के दोमुहानी पुल के पास छोड़ दिया। छतरपुर थाना पुलिस की रात्रि गश्ती दल ने वाहन से शव बरामद किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।