रांची में सड़क पार कर रहे युवक को बाइक ने मारी टक्कर, माैत; आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम किया
Jharkhand Road Accident Hindi Samachar रांची के बूटी मोड़ में सड़क हादसे हुआ है। घटना के बाद लोगाें ने हंगामा किया। बताया गया कि टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि युवक फेंका गया और उसके सिर में चोट लगी।
रांची, जासं। रांची के बूटी मोड़ में रविवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद घटना स्थल पर जमकर हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर रांची पटना रोड को जाम कर दिया। बाद में मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया। बताया गया कि डूमरदगा का रहने वाला सूरज मुंडा सड़क पार कर रहा था। तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सूरज को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सूरज काफी दूर जाकर गिरा।
इससे उसके सिर और सीने में गंभीर चोट आई। सूरज ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूरज की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रांची पटना मार्ग को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उठाने का प्रयास किया, तो आक्रोशित लोगों से पुलिस की तूतू मैंमैं हुई। सूरज की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोग शव को लेकर बीच सड़क पर बैठ गए। शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
जिस जगह पर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम किया, वह सड़क रांची पटना हाइवे को जोड़ती है। ट्रैफिक का लोड इस सड़क पर बहुत ज्यादा रहता है। सड़क जाम होने की वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई। उधर मामले की जानकारी मिलने पर सदर थाने की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने में जुट गई। आखिरकार सदर थानेदार वेंकटेश कुमार बातचीत कर लोगों को समझाने में कामयाब रहे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने जाम हटाया।