घाघरा (गुमला), जासं। गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने घाघरा थाना क्षेत्र के हापामुनी साधु टोंगरी के नजदीक लगभग 25 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया है। युवती की पहचान नहीं हो पाई है। शव को देखने से दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। शव को बुरी तरह से पत्थर से कूचकर और चाकू से गला काट कर हत्या की गई है। आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है।
घटनास्थल पर चाकू, जेंट्स बेल्ट, ब्लूटूथ, छोटा मोबाइल, दो जोड़ा चप्पल महिला पुरुष का बरामद किया गया है। शव का सिर पूरी तरह से कुचला हुआ है। इससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल ने बताया कि युवती की गला रेतकर और पत्थर से कूचकर हत्या की गई है। शव का चेहरा पूरी तरह से कुचला हुआ है। इसलिए उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। घटना स्थल से बरामद सामानों को आधार बनाकर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।