World Photography Day: आप भी देखिए दिल को छू जाने वाली एवं हमेशा याद आनेवाली रांची की तस्वीरें
World Photography Day कोरोना के दौर ने ऐसी परिस्थितियों को जन्म दिया जिससे लोगों ने अपने जीवन में उन लम्हों को जीया जिसे वे कभी भूल नहीं पाएंगे। श्मशान में लावारिस सी पड़ी लाशें भय पैदा कर ही रही थीं। वहीं प्रकृति में निखार सी आ गई थी।
रांची, जाटी। कोरोना के दौर ने ऐसी परिस्थितियों को जन्म दिया जिससे लोगों ने अपने जीवन में उन लम्हों को जीया जिसे वे कभी भूल नहीं पाएंगे। सूनी सड़कें, बंद पड़ीं दुकानें श्मशान में लावारिस सी पड़ी लाशें भय पैदा कर ही रही थीं। वहीं वाहनों के परिचालन बंद होने के कारण प्रकृति में निखार सी आ गई थी। धीरे-धीरे संक्रमण कम हुआ तो परिस्थितयां भी सामान्य हुईं। इस बीच सतर्कता के साथ कुछ राजनीतिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियां भी चलती रहीं। इधर, मानसून भी धीरे-धीरे सक्रिय हुआ तो निगम की सारी तैयारियों की पोल खुल गई। हमारे फोटो जर्नलिस्ट ने हर गतिविधियों को अपने कैमरे में कैद किया।
नौ अगस्त 20 शनिवार को केरल की तरह घटना घट सकती थी। लेकिन भगवान का शुक्र है यात्री बाल-बाल बच गए। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर एयर एशिया का विमान रनवे से उड़ा ही था कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण इसके पिछले हिस्से में आग लग गई। कुछ घंटे पहले इसी विमान से एक पक्षी टकरा गया था। एक ही दिन में दो बार इसकी इमरजेंसी लैंडिंग पायलट ने किसी तरह कराई। विमान में बैठे 176 यात्रियों की सांसें काफी देर तक अटकी रहीं। विमान के हादसे से बाल-बाल बचने की खबर मिलने के बाद सबने राहत की सांस ली। तस्वीर संजय सुमन की है।
1 सितंबर 2020 : यह तस्वीर जागरण की एक्सक्लूसिव है। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती चारा घोटाले के सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मिलने के लिए पार्टी के नेताओं व उनके समर्थकों की भीड़ लग गई। इनमें अधिकांश न तो मास्क लगाए थे और न ही शारीरिक दूरी का पालन कर रहे थे। रिम्स निदेशक के बंगले के बाहर मौजूद ये नेता राजद के टिकट पर बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाना चाहते थे। स्थिति को देखते हुए रिम्स के पेइंग वार्ड के ऊपर कोविड वार्ड बनाए जाने के बाद वहां भर्ती लालू प्रसाद को रिम्स निदेशक के बंगले में स्थानांतरित कर दिया गया है। छाया : मनोरंजन।
21 सिंतबर 20 : निशाना दूर का, निगाहें सरना कोड पर । झारखंड के आदिवासी संगठनों ने अलग सरना धर्म कोड की मांग को लेकर रांची में विशाल मानव श्रृंखला बनाई। इस दौरान सरना झंडे के साथ पारंपरिक परिधानों में लोग हाथों में तीर-धनुष लेकर सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे थे। छाया : संजय सुमन
3 अक्टूबर 2020 : रांची के रुक्का डैम की यह खूबसूरत तस्वीर संजय सुमन की है। इस तस्वीर से रांची की हरियाली भी देख सकते हैं और जल के बीच जीवन भी। जल और जंगल दोनों जरूरी हैं और तस्वीर यही संदेश दे रही है।
19 अक्टूबर 2020 : खूबसूरती में लगे चार चांद । अपनी रांची प्रकृति की खूबसूरती के लिए जानी जाती है। चारों तरफ हरियाली, कल-कल करते झरने मन मोह लेते हैं। रविवार की शाम रांची की खूबसूरती देखते बन रही थी। रिंग रोड के पास कुछ इस तरह दिखा दृश्य। छाया : मनोरंजन।
20 अक्तूबर 2020 : श्रद्धा और परंपरा का समागम... झारखंडी संस्कृति और परंपरा की झलक समेटे रांची के रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा पंडाल का पट खुला। यहां भक्तों ने देवी दुर्गा के भव्य रूप के दर्शन किए। देवी ने यहां लाल रंग की पाढ़ वाली साड़ी पहन रखी हैं, जो झारखंड की महिलाओं का परंपरागत परिधान है। वहीं, पंडाल के भीतरी हिस्से में बनाई गई स्थानीय सोहराय व कोहबर कला की कलात्मक आकृतियां भी लोगों का बरबस ध्यान खींचती है। पट खुलते समय झारखंडी परंपरा के अनुसार ढाक और मांदर बजाकर मां की पूजा की गई। महिलाओं ने इस मौके पर समूह में आदिवासी नृत्य भी किया। छाया : संजय सुमन
7 नवंबर 2020 : सेवादारों के मोबाइल से बात करते दिखे लालू की यह एक्सक्लूसिव तस्वीर है। दैनिक जागरण ने पहले कई बार लालू प्रसाद के केली बंगले में बिहार के नेता-कार्यकर्ताओं से मोबाइल पर बात करने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की। हर बार जेल के अधिकारी निरीक्षण इस बात को झुठलाते रहे। शुक्रवार को केली बंगले में ली गईं कुछ तस्वीरें बता रही हैं कि लालू प्रसाद जेल से ही बिहार चुनाव की गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं। आधे घंटे में वे तीन बार अपने सेवादारों के मोबाइल से बात करते दिखे।
18 अप्रैल 21 : हे ईश्वर क्षमा करें । तस्वीर हरमू मुक्तिधाम की है। गेट पर एंबुलेंस चालक शव लेकर पहुंचा। शवों का कुछ देर इंतजार किया, फिर शव को वहीं फेंककर भाग गया। छाया : संजय सुमन
18 मई 2021 : नामकुम का दुर्गा सोरेन चौक। सामान्य दिनों में हाइवे पर गाड़ियों की कतार लगी रहती थी। लेकिन लॉकडाउन के बाद से यहां सन्नाटा पसरा हुआ है। पास में ही लोआडीह बाजार है। लेकिन बाजार में भी मेडिकल स्टोर छोड़कर सारी दुकानें बंद हैं। लोगों में जागरूकता है, घरों से नहीं निकल रहे। इसका असर साफ दिखता है। छाया : मनोरंजन
31 जुलाई 2021 - दो दिनों से लगातार बारिश से शहर का यह हाल है। सड़कें जैसे छोटी नदियों में बदल गई हों। पूरा शहर पानी-पानी हो गया है। तस्वीर मनोरंजन की है। बारिश की यह एक बानगी भी है।