तीन दिनों तक योग के रंग में रंगी रहेगी रांची
हर दिन योगासन प्राणायाम, ध्यान, त्राटक, जल नेति, सूत्र नेति, जीवन शैली परामर्श, नाड़ी परीक्षण, स्वाध्याय, सत्संग के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
रांची, जेएनएन। पूरे देश में नौ राज्यों में योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है और उनमें एक झारखंड भी है। राजधानी रांची में इसका आयोजन 18 से 20 मई तक झारखंड सिविल सेवा अधिकारी संस्थान में किया जा रहा है। आयुष मंत्रालय की ओर से तीन दिवसीय योग महोत्सव के इस आयोजन में आर्ट आफ लिविंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। गुरुवार को राज्य योगा सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी एनएन पांडेय, अपेक्स चेयरमैन बीके सिन्हा, उज्ज्वल भास्कर आदि ने दी। विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित एनएन पांडेय ने बताया कि तीन दिनों तक योग के अलावा युवा सम्मेलन, दिव्यांगों के लिए योग, योग एवं नशा मुक्ति, बाल योग, योग-सभी के लिए, योग एवं स्वास्थ्य आदि पर संगोष्ठी भी होंगी। इसके साथ योग प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता व वाद-विवाद प्रतियोगिता भी होगी।
योगासन-प्राणायाम संग होंगे कई कार्यक्रम
हर दिन योगासन प्राणायाम, ध्यान, त्राटक, जल नेति, सूत्र नेति, जीवन शैली परामर्श, नाड़ी परीक्षण, स्वाध्याय, सत्संग के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इस आयोजन में शहर के सभी मठ और स्वामी भी भाग लेंगे। करीब पांच हजार लोगों के लिए व्यवस्था की गई है। तीन दिनों तक यहां आयुष और रिम्स के डॉक्टर भी होंगे। तीन दिनों तक निश्शुल्क जांच और दवा भी मुफ्त दी जाएगी। वहीं, लीगल एड, परामर्श आदि भी दिया जाएगा। बच्चों के लिए करियर काउंसिलिंग भी होगी। प्रेस वार्ता में ऋषि शाहदेव, कुमुद झा, प्रवीण कुमार, सविता सिंह, पीएन सिंह आदि मौजूद थे।
जानें, कब क्या होगा
18 मई को उद्घाटन के साथ, हठ योग प्रतियोगिता और योग पर युवा सम्मेलन होगा। 19 मई को नशा मुक्ति पर राजयोग की कार्यशाला जैप वन प्रांगण में होगी। व्यक्तित्व विकास पर चर्चा होगी। 20 मई को जीवन में योग पर कर्मयोग की कार्यशाला, भक्तियोग पर चर्चा होगी।
श्रीश्री के जन्मदिवस 13 मई पर रक्तदान
बीके सिन्हा ने बताया कि श्रीश्री का जन्मदिन 13 मई को पूरे देश में मनाया जाएगा। झारखंड में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस मौके पर राज्य रक्त संक्रमण परिषद, लाइफ सेवर्स और राज्य प्राथमिक शिक्षक संगठन की ओर से राज्य के 18 जिलों में एक साथ मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा सुबह होटवार जेल में व शाम में राज्य योगा केंद्र पर प्रसाद वितरण के साथ योग पर प्रतियोगिता होगी। एनएन पांडेय ने बताया कि श्रीश्री पूरी दुनिया में सहअस्तित्व के साथ जीने की राह दिखाते हैं। स्वस्थ जीवन शैली की ओर सबको ले जाना उद्देश्य है। समाज तनावमुक्त कैसे हो, इसके लिए योग जरूरी है। पुलिस से लेकर अधिकारियों तक को योग-ध्यान का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और इसका सकारात्मक परिणाम भी मिल रहा है।
रिम्स में जल्द थैलेसीमिया वार्ड इस मौके पर झारखंड थैलेसीमिया फाउंडेशन के सचिव अतुल गेरा ने बताया कि रिम्स में तीन महीने के अंदर सौ बेड का एक थैलेसीमिया वार्ड होगा, ताकि बच्चों को रक्त चढ़ाने में कोई परेशानी न हो। अभी कोई दूर-दराज से बच्चा आता है कि तीन-चार दिन लग जाता है। यहां व्यवस्था हो जाने पर एक दिन में भी जांच से लेकर रक्त चढ़ाने का काम होगा। किसी को यहां रात में रहने की व्यवस्था नहीं होगी। बताया कि चतरा में सौ ऐसे बच्चे मिले हैं। रांची में डेढ़ हजार बच्चे इस रोग से पीड़ित हैं। जमशेदपुर में यह संख्या दो हजार के करीब है।