Move to Jagran APP

Presidential Election: यशवंत सिन्हा को नहीं, द्रौपदी मुर्मू को वोट देंगे जयंत सिन्हा... सुनिए, पिता के बारे में क्या कहा

President Election 2022 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के बाद राष्ट्रपति चुनाव काफी रोचक हो गया है। झारखंड की दिलचस्पी इस चुनाव में कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। यशवंत सिन्हा को उनके पुत्र जयंत सिन्हा का ही वोट नहीं मिलेगा। पढ़िए जयंत सिन्हा ने क्या कहा।

By M EkhlaqueEdited By: Published: Wed, 22 Jun 2022 06:17 PM (IST)Updated: Wed, 22 Jun 2022 11:00 PM (IST)
Presidential Election: यशवंत सिन्हा को नहीं, द्रौपदी मुर्मू को वोट देंगे जयंत सिन्हा... सुनिए, पिता के बारे में क्या कहा
Presidential Election: यशवंत सिन्हा को नहीं, द्रौपदी मुर्मू को वोट देंगे जयंत सिन्हा

रांची, डिजिटल डेस्क। नरेंद्र मोदी के कट्टर विरोधी यशवंत सिन्हा को विपक्षी दलों ने इस बार राष्ट्रपति चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के साथ होगा। दोनों का झारखंड की राजनीति से गहरा संबंध जगजाहिर है। दोनों की उम्मीदवारी ने झारखंड को सुर्खियों में ला दिया है। दोनों के बीच लड़ाई बेहद दिलचस्प होने वाली है। भाजपा ने आदिवासी महिला को प्रत्याशी बनाकर राजनीति में शानदार बल्लेबाजी की है। कई विपक्षी दल अभी तक समझ नहीं पा रहे कि उन्हें करना क्या है।

loksabha election banner

यशवंत सिन्हा और जयंत सिन्हा की हो रही चर्चा

लेकिन इन सबसे इतर झारखंड में एक और चर्चा परवान चढ़ रही है। जिस यशवंत सिन्हा को विपक्षी दलों ने मैदान में उतारा है, उनके ही पुत्र जयंत सिन्हा उन्हें वोट नहीं देंगे। वह अपने पिता के बदले भाजपा प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करेंगे। जयंत सिन्हा हजारीबाग से भाजपा के सांसद हैं। एक समय इसी क्षेत्र से उनके पिता यशवंत सिन्हा भी भाजपा के सांसद हुआ करते थे। यहीं से चुनकर जब लोकसभा गए तो केंद्र सरकार में विदेश व वित्त मंत्री भी बने थे। लेकिन बाद के दिनों में नरेंद्र मोदी और भाजपा से उनका मोह इस कदर भंग हुआ कि तृणमूल कांग्रेस में चले गए।

पुत्र जयंत सिन्हा को जारी करना पड़ा वीडियो संदेश

चुनाव में जब घर का कोई बंदा प्रत्याशी हो तो घरवालों का वोट उसी को जाता है, लेकिन राष्ट्रपति चुनाव में कहानी इसके ठीक उलट है। पिता राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं और पुत्र ही उन्हें वोट नहीं देने की बात कह रहा है। हजारीबाग के लोगों और मीडिया ने पुत्र से जब पूछना शुरू कर दिया कि उनका वोट किसके पक्ष में जाएगा? पुत्र को अंतत: सामने आना पड़ा। खुलकर जवाब देना पड़ा। पुत्र ने वीडियो संदेश जारी किया। दो टूक कह दिया कि मेरा वोट भाजपा प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में जाएगा।

मैं भाजपा का सांसद हूं, दायित्व समझता हूं

पुत्र जयंत सिन्हा अपने वीडियो संदेश में दो टूक कहा- इसे पारिवारिक मुद्दा नहीं बनाएं। यह परिवार का मुद्दा नहीं है। विपक्ष ने मेरे आदरणीय पिता यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। मैं आप सभी से यही निवेदन करूंगा कि इस समय आप मुझे पुत्र के रूप में नहीं देखें। इसे एक पारिवारिक मामला नहीं बनाएं। मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। हजारीबाग संसदीय क्षेत्र से भाजपा का सांसद हूं। मैं अपने संवैधानिक दायित्वों को समझता हूं और इसे पूरी तरह से निभाऊंगा। दरअसल, इस संदेश के जरिए जयंत सिन्हा ने साफ कर दिया कि वह अपने पिता को वोट नहीं देंगे। उनके लिए पार्टी प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ही प्राथमिकता हैं।

द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और जेपी नड्डा को दी बधाई 

इतना ही नहीं, सांसद जयंत सिन्हा ने पहली आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को भाजपा और उसके सहयोगी दलों की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए झासा प्रत्याशी बनाए जाने पर पर भाजपा नेतृत्च को बधाई भी दी। एक टवीट में जयंत सिन्हा लिखते हैं कि द्रौपदी मुर्मू को एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाए जाने पर हार्दिक बधाई। उनका जीवन सदैव जनजातीय समाज और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है। इस निर्णय के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हार्दिक अभिनंदन व आभार।

सांसद और विधायक इच्छा अनुसार वोटिंग के लिए स्वतंत्र

मालूम हो कि राष्ट्रपति चुनाव में यह प्रविधान है कि कोई भी सांसद या विधायक अपनी इच्छा के अनुसार अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर सकता है। इस चुनाव की यह भी विशेषता है कि राजनीतिक पार्टियां अपने सांसदों और विधायकों के लिए व्हिप जारी नहीं कर सकती हैं। जैसा कि विधानसभा में बहुमत के समय करती हैं। ऐसे में अगर जयंत सिन्हा चाहें तो अपने पिता के पक्ष में भी मतदान कर सकते हैं। लेकिन उन्होंने साफ कर दिया है कि वह भाजपा के सिपाही हैं। भाजपा के प्रत्याशी को ही वोट देंगे। यानी यशवंत सिन्हा को अपने घर का भी वोट नहीं मिलेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.