घर गिरने से महिला की दबकर मौत, बेटी गंभीर
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया की चाईबासा टोली में बुधवार की रात घर गिर गया।
जागरण संवाददाता, तुपुदाना: जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया की चाईबासा टोली में बुधवार की रात घर गिरने से दबकर एक महिला की मौत हो गई। वहीं उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिस वक्त यह दुर्घटना हुई, उस समय मां-बेटी घर में सो रही थी। जिस महिला की मौत हुई है, उसका नाम दशमी बेदिया (36) है।
आसपास के लोगों ने बताया कि मिंट्टी का घर होने के कारण वह लगातार हो रही तेज बारिश से भरभरा कर गिर गया। घर गिरने से चीख- पुकार मच गई। ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दशमी बेदिया और उसकी बेटी को लोग अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में ही दशमी बेदिया ने दम तोड़ दिया। दशमी बेदिया के पति राजू बेदिया की पहले ही मौत हो चुकी है। पति की मृत्यु के बाद वह मजदूरी करके एक बेटी और एक बेटा का भरण-पोषण करती थी।
जानकारी के अनुसार दशमी बेदिया मूलरूप से चाईबासा की रहने वाली थी। कमाने खाने के लिए वह वर्षों से हटिया की चाईबासा टोली में कच्चा मकान बनाकर रह रही थी। वार्ड 52 के पार्षद निरंजन कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पार्षद ने अपने स्तर से एक बोरा चावल, गेहूं, दाल, नमक, चीनी सहित अन्य खाद्य सामग्री परिवार को उपलब्ध कराया। वहीं, नामकुम के अंचलाधिकारी सुरेंद्र उरांव और कर्मचारी रविदर ने पारिवारिक सहायता के तहत तत्काल पांच हजार रुपए की आर्थिक मदद दी। अंचलाधिकारी ने भी परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।