विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड में मौसम: बढ़ते तापमान के बीच लोगों को हीट वेव से सतर्क रहने की चेतावनी, एक दिन बारिश की है संभावना

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Sat, 08 Apr 2023 08:16 AM (IST)

झारखंंड के तापमान में धीरे-धीरे इजाफा होता जा रहा है। इसके पीछे दक्षिण-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म हवा को ...और पढ़ें

झारखंड में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
झारखंड में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

जासं, रांची। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। दक्षिण-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म हवा के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि, 09 अप्रैल को राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल के साथ वर्षा होने की भी संभावना है। फिलहाल धूप का असर साफतौर पर दिख रहा है। तापमान में दो से तीन डिग्री तक बढ़ोतरी हुई है। गर्मी का एहसास कुछ इस तरह है कि लोग बाहर निकलने से कतराने लगे हैं। खिली धूप से धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदलने लगा है।

जमशेदपुर में रिकॉर्ड किया गया सबसे अधिक तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 10 अप्रैल के बाद से राज्य के तापमान में वृद्धि होगी। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूरे झारखंड में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर में रिकार्ड किया गया।

10 अप्रैल के बाद मौसम रहेगा शुष्क

यदि मुख्य शहरों के तापमान की बात की जाए, तो रांची में 34.7 डिग्री, डाल्टेनगंज में 37.5 डिग्री, चाईबासा में 36.8, देवघर में 35.9 डिग्री रिकार्ड किया गया है। आने वाले 5 दिनों के मौसम पूर्वानुमान की बात की जाए तो 9 अप्रैल को छोड़ दें, तो 10 अप्रैल के बाद तक झारखंड में मौसम शुष्क रहेगा।

झारखंड के दक्षिणी, पश्चिमी व मध्य भाग में हल्की वर्षा की संभावना 9 अप्रैल को जताई जा रही है। 10 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन 10 अप्रैल के बाद अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

अप्रैल के तीसरे सप्ताह से हीट वेव का असर

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान की माने, तो इस माह के तीसरे सप्ताह से हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि दक्षिण-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म हवा की वजह से कोल्हान व पलामू प्रमंडल के सभी हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 या इसके पार भी जा सकता है। ऐसे में हीट वेव की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने आमजनों से सतर्क रहने की सलाह दी है।

बारिश का तापमान पर नहीं होगा असर

विज्ञानियों ने बताया कि रांची व इसके आसपास के क्षेत्रों में 09 अप्रैल को गर्जन के साथ हल्की वर्षा होगी, जिससे तापमान पर कुछ खास असर नहीं पड़ेगा। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो रांची का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, जबकि न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि पूरे राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री गढ़वा का रिकार्ड किया गया।

कुछ ऐसा रहेगा तापमान

  • 08 अप्रैल - अधिकतम 34 व न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस।
  • 09 अप्रैल - अधिकतम 33 व न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस।
  • 10 अप्रैल - अधिकतम 35 व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस।
  • 11 अप्रैल - अधिकतम 36 व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस।