विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोडरमा में करम डाल विसर्जन के लिए नदी पहुंचे थे ग्रामीण, अचानक भंवरों ने बोला हमला; बच्चों समेत दर्जनों लोग घायल

Published: Wed, 23 Sep 2026 11:29 AM (IST)

सतगावां के मनोरथडीह में करम की डाली विसर्जन के दौरान भंवरों के हमले से बच्चों सहित दर्जनों लोग घायल हो ...और पढ़ें

सतगावां के मनोरथडीह में भंवरों के हमले से दर्जनों घायल। जागरण

सतगावां के मनोरथडीह में भंवरों के हमले से दर्जनों घायल। जागरण

HighLights

  1. सतगावां के मनोरथडीह में भंवरों के हमले से दर्जनों घायल।

  2. करम की डाली विसर्जन के दौरान हुआ यह हादसा।

संवाद सूत्र, सतगावां (कोडरमा)। जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के खुट्टा पंचायत अंतर्गत मनोरथडीह में बुधवार की सुबह भंवरों के हमले से बच्चों समेत दर्जनों लोग घायल हो गए। अचानक हुए हमले से करम की डाली विसर्जन करने पहुंचे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। एक बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए कोडरमा रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

ग्रामीणों और स्वजनों के अनुसार, मनोरथडीह के लोग कर्मा की डाली विसर्जन के लिए छोटनर नदी पहुंचे थे। इसी दौरान नदी के समीप सिमर के पेड़ पर लगे छत्ते से अचानक बड़ी संख्या में भंवरे निकल आए और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते भंवरों ने बच्चों, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को काटना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

घायलों में अंजनी कुमारी (25), निशु कुमारी (18), इंदू कुमारी (18), खुशी कुमारी (20), नीतू कुमारी (14), दीपाली कुमारी (6), प्रियांशु कुमारी (12), आर्यन कुमार (11), सोहानी कुमारी (8), सिद्धार्थ कुमार (3) और अंगद कुमार (7) सहित अन्य लोग शामिल हैं।

कई घायलों का ग्रामीण चिकित्सकों से भी उपचार कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद सात वर्षीय अंगद कुमार को बेहतर इलाज के लिए कोडरमा रेफर किया गया। सुरेश राम ने बताया कि अंगद को कोडरमा भेजा गया है। अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। 

यह भी पढ़ें- हजारीबाग में हाथियों को भगाने का हाईटेक तरीका! मोबाइल से 33 गांव में बजेगा सायरन, मधुमक्खी की आवाज करेगी अलर्ट