निकाय चुनाव के लिए 15 से 18 अप्रैल के बीच मतदान, जानें-कितने वार्डों के लिए होगी वोटिंग
अप्रैल अंत तक निर्वाचन से संबंधित पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। ऐसा दो मई को समाप्त हो रहे निकायों के कार्यकाल को ध्यान में रखकर होगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के 34 शहरी स्थानीय निकायों के 817 पदों के लिए 15 से 18 अप्रैल के बीच वोट डाले जाएंगे। महापौर/ अध्यक्ष और उप महापौर/उपाध्यक्ष के 34-34, जबकि वार्ड पार्षदों के 749 पदों के लिए चुनाव होगा। अप्रैल अंत तक निर्वाचन से संबंधित पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। ऐसा दो मई को समाप्त हो रहे निकायों के कार्यकाल को ध्यान में रखकर होगा। झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने इससे संबंधित अनुशंसा सरकार को भेज दी है।
जानकारी के मुताबिक, मार्च के दूसरे सप्ताह से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। लगभग एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रक्रिया के बाद एक दिन का समय नामांकन पत्रों की छंटनी के लिए सुरक्षित होगा, जबकि नाम वापस लेने के लिए भी एक दिन का समय मुकर्रर किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राज्य में पहली बार दलीय आधार पर महापौर/उप महापौर, अध्यक्ष/उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। सरकार ने इससे संबंधित नियमावली को पिछले ही हफ्ते मंजूरी दी है। नियमावली के अनुसार वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी किसी भी वार्ड से चुनाव लड़ सकेंगे।
कहां, कितने वार्डों के लिए होगी वोटिंग
मेदिनीनगर 35, हजारीबाग 36, गिरिडीह 36, रांची 53, आदित्यपुर 35 (सभी नगर निगम), गढ़वा 21, चतरा 22, मधुपुर 23, गोड्डा 21,साहिबगंज 28, पाकुड, 21, दुमका 21, मिहिजाम 20, चिरकुंडा 21, फुसरो 28, रामगढ़ 32, लोहरदगा 23, गुमला 22, सिमडेगा 20, चाईबासा 21, कपाली 21 (सभी नगर परिषद), नगरऊंटारी 17, हुसैनाबाद 16, छतरपुर 16, लातेहार 15, डोमचांच 14, राजमहल 14, बरहड़वा 14, बासुकीनाथ 12, जामताड़ा 16, खूंटी 19, बुंडू 13, सरायकेला11, चाकुलिया 12 (सभी नगर पंचायत)।