भविष्य के निर्माण के लिए करें वोट
लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से दैनिक जागरण ने वोट यात्रा प्रारंभ की है।
जागरण संवाददाता, रांची : लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से दैनिक जागरण के नेतृत्व में हरमू चौक से वोट यात्रा निकाली गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत वर्मा ने हरी झंडी दिखा कर यात्रा को रवाना किया। मतदान करने की अपील के साथ हाथों में बैनर लिए लोगों की रैली अरगोड़ा चौक तक गई। जागरण के अभियान पहला मुद्दा, पहला वोट की श्रृंखला में यह चौथी वोट यात्रा थी। वोट यात्रा में सैकड़ों की संख्या में उपस्थित हो कर लोगों ने भी अपनी भागीदारी निभाई। मौके पर जिला प्रशासन की चुनाव रथ पर लगे एलईडी स्क्रीन से भी लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत वर्मा ने जागरण के इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकसभा का चुनाव देश का सबसे बड़ा त्योहार है। इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए दैनिक जागरण ने बीड़ा उठाया है। उन्होंने सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। कहा कि मतदान हमारा कर्तव्य ही नहीं, हमारा अधिकार भी है। इसका प्रयोग हर हाल में होना चाहिए। मतदान करना खाने जितना ही जरूरी -
वोट यात्रा में उपस्थित लोगों ने मतदान को ले कर अपने विचार रखे। हरमू निवासी अरुण कुमार झा ने कहा कि चुनाव में मतदान का गिरता प्रतिशत चिंता का विषय है। ऐसे में जरूरी है कि लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया जाए। किशोर झा के अनुसार मतदान करना खाने जितना ही जरूरी है। क्योंकि चुनाव के द्वारा ही देश की जीवन रेखा तय होती है। उन्होंने खासकर युवाओं से मतदान की अपील की। मौके पर लाला लाजपत राय स्कूल के शिक्षक प्रफुल्ल कुमार ने भी मतदान जैसे जरूरी विषय पर लोगों को जागरूक करने की बात कही। ऋषिनाथ शाहदेव, रंजय वर्मा और आनंद शाही ने भी लोगों को वोट के लिए जागरूक करने के लिए दैनिक जागरण को धन्यवाद दिया। उक्त सभी लोगों ने औरों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। नुक्कड़ नाटक ने दिखाया रास्ता -
लोगों की मानसिकता पर कटाक्ष करते हुए नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति ने समाज को आइना दिखाने का काम किया। अभियान के साथ जुड़कर युवाओं की टोली रंग दर्पण ने जागरण का भरपूर साथ दिया है। पान की दुकान से ले कर समाज के ऊंचे तबके तक में वोट को ले कर जागरूकता को उन्होंने बड़े ही सहजता से लोगों के बीच रखा। आधे घंटे की प्रस्तुति में उन्होंने लोगों को वोट के लिए जागरूक किया। नुक्कड़ नाटक में रंग दर्पण की ओर से निर्देशक अशोक गोप, पुरुषोत्तम, सोनू, धरम, चंदा, निक्की, हिमांशु, रोहित, मधु, अंजली और सिकंदर ने अभिनय किया। आज का आयोजन -
अभियान के तहत पांचवीं वोट यात्रा करम टोली से निकाली जाएगी। शाम पांच बजे जागरूकता रथ के साथ सैकड़ों की संख्या में लोग करमटोली से मेडिकल चौक तक की दूरी तय करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होकर देश के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।