विहिप बोली, राष्ट्र व धर्म की बात करने वाले नेतृत्व को दें सहयोग Ranchi News
Jharkhand. 10-12 जनवरी तक रामगढ़ में प्रांत कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें आगामी छह महीनों के कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।
रांची, जासं। किशोरगंज स्थित प्रांत कार्यालय में विश्व हिंदू परिषद की बैठक शुक्रवार को हुई। अध्यक्षता प्रांत उपाध्यक्ष ध्रुवदेव तिवारी एवं संचालन प्रांत मंत्री वीरेंद्र साहू ने की। वीरेंद्र साहू ने कहा कि वर्तमान में झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व में राष्ट्रवादी नेतृत्व चुनने का मौका है। राज्य में एक स्थायी और मजबूत सरकार बने, इसकी चिंता सभी को करनी चाहिए। कहा, झारखंड के लोगों को जात-पात व राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र व धर्म की बात करने वाले नेतृत्व को मौका देना चाहिए।
डॉ. वीरेंद्र साहू ने प्रांत में चल रही हितचिंतक अभियान की जानकारी लेते हुए इस वर्ष 100000 लोगों को विहिप का हितचिंतक बनाने का लक्ष्य को पूरा करने की बात कही। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी 2020 से 12 जनवरी 2020 तक प्रांत कार्यसमिति समिति की बैठक रामगढ़ स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रांत के विगत 6 महीने के कार्यों की समीक्षा एवं आगामी 6 महीनों के कार्यक्रमों पर कार्य योजना तैयार की जाएगी।
नागरिकता संशोधन अधिनियम का किया स्वागत
बैठक में विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री केशव राजू ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में स्थापित राष्ट्रवादी सरकार द्वारा पिछले मात्र 180 दिनों में 491 वर्षों से लटके हुए राम जन्मभूमि मंदिर विवाद, धारा 370, नागरिकता बिल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य किया जाना उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण और अखंड भारत की परिकल्पना को परिभाषित करता है।
नागरिकता संशोधन अधिनियम की पहल एवं साहसिक कदम के लिए केंद्र सरकार का अभिनंदन करते हैं। बैठक में आगामी वर्ष में विहिप के परिषद शिक्षा वर्ग, बजरंग दल शौर्य प्रशिक्षण वर्ग, दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति प्रशिक्षण वर्ग विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई और सभी आयाम के प्रांत स्तरीय वर्ग एवं बैठकों पर तिथियां तय की गई।
बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्र मंत्री वीरेंद्र विमल, प्रांत बजरंग दल संयोजक दीपक ठाकुर, प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख संजय कुमार, प्रांत उपाध्यक्ष देवी प्रसाद शुक्ला, प्रांत सत्संग प्रमुख गणेश शंकर विद्यार्थी, विभाग मंत्री मनोज चंद्रवंशी, देवघर विभाग संगठन मंत्री रामप्रताप सिंह, संभाग संगठन मंत्री कन्हैयालाल, धनबाद संगठन मंत्री दीपक कुमार मंडल, रांची विभाग बजरंग दल संयोजक अमर प्रसाद, निर्मल स्वासी, उमेश मांझी सहित प्रांत के सभी जिलों के पदाधिकारी उपस्थित थे।