Karwa Chauth 2019: अनुष्का संग करवा चौथ मना कर कोहली पहुंचेंगे रांची
Karwa Chauth 2019. विराट व अनुष्का की कैमिस्ट्री लाजवाब रही है। ऐसे में जब भी दोनों को वक्त मिलता है तो वे एक दूसरे के लिए समय निकाल लेते हैं।
रांची, [संजीव रंजन]। भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच वर्तमान सीरीज का तीसरा व अंतिम टेस्ट मैच 19 अक्टूबर से रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जाना है। टीम के सभी सदस्य महेंद्र सिंह धौनी के शहर पहुंच गए हैं। लेकिन टीम के कप्तान गुरुवार तक रांची नहीं पहुंचे थे। कप्तान के नहीं आने के कारण यह प्रश्न सभी के दिमाग में कौंधा आखिर विराट कोहली अभी तक रांची क्यों नहीं आए?
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव संजय सहाय के अनुसार उन्हें गुरुवार रात तक आ जाना था। लेकिन रात में रोहित शर्मा व रिषभ पंत पहुंचे। सूत्रों की मानें तो भारतीय कप्तान कोहली पत्नी अनुष्का संग करवा चौथ मना कर शुक्रवार की सुबह रांची पहुंचेंगे। विराट व अनुष्का की कैमिस्ट्री लाजवाब रही है। ऐसे में जब भी दोनों को वक्त मिलता है तो वे एक दूसरे के लिए समय निकाल लेते हैं।
पुणे टेस्ट चार दिनों में समाप्त होने के बाद कोहली वहां से मुंबई चले गए थे। वहीं दोनों अपने व्यस्त समय में से कुछ वक्त निकालकर समय साथ व्यतीत करना नहीं भूलते। यह हॉट जोड़ी क्या कर रही है यह जानने के लिए उनके प्रशंसक नजरें टिकाये रहते हैं। चूंकि करवा चौथ 17 अक्टूबर को था इसलिए कोहली पत्नी अनुष्का के साथ रहना चाहते थे। इसलिए वे मुंबई में करवा चौथ तक रुके रहे ।
पिछले साल ऐसा रहा था विराट-अनुष्का का करवाचौथ
विराट कोहली व अनुष्का शर्मा की शादी 11 दिसंबर 2017 में हुई थी। दोनों ने अपनी शादी के लिए इटली को चुना था जहां बेहद करीबी लोगों की मौजूदगी में दोनों विवाह बंधन में बंधे थे। ऐसे में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने अपना पहला करवा चौथ पिछले साल मनाया था। उस समय भी भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेल रही थी। यहां तीसरे मैच में विराट कोहली ने रिकॉर्ड 38वां वनडे शतक लगाया था। कोहली ने इसके बाद अपनी व अनुष्का की तस्वीर सोशल मीडिया पर ही शेयर की थी।