पहली कक्षा के छात्र का तालाब में मिला शव, ग्रामीणों ने बंद कराया स्कूल
Jharkhand. नमन सिंह जमनी गांव में उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय जमनी महुवा टोली में प्रथम कक्षा का छात्र था। स्कूल में मध्याह्न भोजन करने के बाद से ही वह गायब हो गया था।
रांची, जासं। राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र के जमनी गांव में पांच वर्षीय छात्र नमन सिंह की मौत के बाद ग्रामीणों ने स्कूल बंद करा दिया है। बुधवार को छात्र का शव स्कूल के समीप तालाब के पास मिला था। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। नमन सिंह जमनी गांव में उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय जमनी महुवा टोली में प्रथम कक्षा का छात्र था। वह प्रतिदिन की तरह बुधवार को अपने बड़े भाई अमन सिंह के साथ स्कूल गया था।
स्कूल में मध्याह्न भोजन करने के बाद से ही वह गायब हो गया था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी जब नमन घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी खोजबीन करने लगे। इस दौरान स्कूल के समीप बने तालाब में उसके चप्पल को तैरते देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे तालाब में खोजने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिलने पर मछली पकड़ने वालों से मदद लेकर जाल फेंका गया। इसके बाद जाल के सहारे नमन का शव बाहर निकाला गया।