साध्वी से दुष्कर्म मामले पर विहिप ने कहा- राज्य में झामुमो गठबंधन की सरकार आने के बाद अपराधी हुए बेखौफ,बेलगाम
विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र मंत्री बिहार झारखंड वीरेंद्र विमल ने कहा है कि गोड्डा जिले में साध्वी से दुष्कर्म की घटना मर्माहत करनेवाली है। इस घटना की जितनी भर्त्सना की जाए उतनी..
रांची (जागरण संवाददाता) । गोड्डा में घटित साध्वी के साथ दुष्कर्म की घटना पर हिंदू जागरण और विश्व हिन्दू परिषद दोनों ने सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की है। वहीं, विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र मंत्री बिहार झारखंड वीरेंद्र विमल ने कहा है कि गोड्डा जिले में साध्वी से दुष्कर्म की घटना मर्माहत करनेवाली है। इस घटना की जितनी भर्त्सना की जाए उतनी कम है। कोई व्यक्ति मां समान साध्वी के साथ दुष्कर्म की कल्पना भी कैसे कर सकता है।
विहिप नेता ने कहा कि यह मानवता के पतन की पराकाष्ठा है। यह घोर घृणित कुकृत्य झारखंड की कानून व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिन्ह लगाता है। जब से राज्य में झामुमो गठबंधन की सरकार आई है, अपराधी बेखौफ बेलगाम हो गए हैं। ऐसे अपराधियों के मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई से समाज में गलत संदेश जाएगा। सरकार सभी अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार करा कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाए। ऐसा जघन्य दुष्कृत्य करने वाले अपराधियों के लिए विश्व हिन्दू परिषद मृत्युदंड व निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग करती है।
वहीं, हिंदू जागरण मंच के रांची महानगर अध्यक्ष सुजीत सिंह ने इस घटना को जघन्य अपराध व शर्मनाक बताते हुए अविलंब सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की मांग की। ऐसा नहीं होने पर जनता व समस्त हिन्दू समाज का विश्वास सरकार व पुलिस प्रशासन पर से उठ जाएगा। सुजीत सिंह ने पालघर में एक संत की हत्या और फिर गोड्डा में एक साध्वी के साथ सामूहिक दुष्कर्म को हिन्दू समाज के ऊपर आघात बताते हुए कहा कि इस मामले की गंभीरता से अनुसंधान की जाए ताकि हिन्दू समाज के खिलाफ रचे जा रहे षड्यंत्रों का खुलासा हो सके।