Unlock 1.0: अनलॉक वन में बढ़ गई वाहनों की रफ्तार, 10 दिनों में 26 लोगों की मौत
Jharkhand News. हजारीबाग में सिर्फ 3 दिनों में 7 लोगों की मौत अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में हो चुकी है। इनमें सभी दोपहिया सवार लोग हैं।
हजारीबाग, जासं। अनलॉक वन में जैसे ही सड़कों पर वाहन सरपट दौड़ने लगे, वैसे ही दुर्घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। झारखंड में इस दौरान 10 दिनों में कुल 26 लोगाें की मौत हो गई है। हजारीबाग में सिर्फ 3 दिनों में 7 लोगों की मौत अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में हो चुकी है। इनमें सभी दोपहिया सवार लोग हैं। 7 जून को पदमा में ही दो बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई थी। इसके 12 घंटे बाद पदमा में ही एनएच 33 पर डिवाइडर से टकरा जाने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी।
इचाक प्रखंड में 9 जून को स्कूटी से अपने घर हजारीबाग लौट रही 24 वर्षीय युवती को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया था। रामनगर निवासी इस युवती की भी मौके पर मौत हो गई थी। इसी दिन 24 वर्षीय एक युवक को ट्रक ने कुचल दिया था। वहीं 10 जून को चौपारण सीमा के पास एक बाइक सवार को एक अज्ञात सवारी गाड़ी ने टक्कर मार दी थी। इसमें उसकी मौत हो गई।
इसी तरह सिमडेगा में अनलॉक 1 के दौरान एक की मौत हुई है। इससे पूर्व लॉकडाउन के दौरान 5 दुर्घटना में 4 की मौत हुई थी। चतरा में अनलॉक-1 में सिर्फ एक मौत हुई है। इससे पूर्व लॉकडाउन के दौरान सड़क दुर्घटना में तीन मौतें हुई। पलामू में अनलॉक वन में हुई सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो चुकी है। लॉकडाउन के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई थी। गुमला में अनलॉक वन के दौरान बुधवार काे दो युवकों की मौत हो गई। गढ़वा में अनलॉक 1 में चिनियां थाना क्षेत्र में 3 व कांडी में 1 की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है।
लॉकडाउन के दौरान गढ़वा जिले के मेराल एवं केतार थाना क्षेत्र में 1-1 लोगों की मौत हुई है। लोहरदगा जिले में अनलॉक-वन में दो लोगों की मौत हुई है जबकि लॉकडाउन के दौरान सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। खूंटी में लॉकडाउन के दौरान एवं अनलॉक-1 के शुरू होने के बाद से अब तक एक भी मौत नहीं हुई है। लातेहार में लॉकडाउन के दौरान सड़क दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई है। लेकिन 7 सड़क दुर्घटनाओं में 9 लोग घायल हुए हैं। कोडरमा जिले में लॉकडाउन के दौरान दो सड़क दुर्घटना में दो की मौत हुई थी। जबकि अनलॉक 1 में अभी तक दो सड़क दुर्घटना में दो की मौत हुई है। रामगढ़ में लॉकडाउन के दौरान चुटुपालू घाटी के फोरलेन सहित रामगढ़ जिले के नेशनल हाई वे में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। अनलॉक-1 में रामगढ़ में 3 लोगों की मौत हुई है।