Prime Minister Innovative Learning Program में झारखंड के दो बच्चे, इसरो में विशेषज्ञ निखारेंगे इनकी प्रतिभा
Jharkhand. साहिबगंज के सूरज तथा रामगढ़ के हेमंत का चयन इसरो में 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले लर्निंग प्रोग्राम के लिए हुआ है। इनके साथ एक-एक शिक्षक भी वहां जाएंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय द्वारा आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री इनोवेटिव लर्निंग प्रोग्राम (धु्रव) में शामिल होने के लिए झारखंड से दो बच्चों का चयन हुआ है। इनमें संत जेवियर हाई स्कूल, साहिबगंज के छात्र सूरज हांसदा और रामगढ़ स्थित सौंदा हाई स्कूल के हेमंत कुमार पासवान शामिल हैं। सूरज का चयन कला (बांसुरी वादन) तथा हेमंत का चयन विज्ञान में हुआ है।
झारखंड के दोनों बच्चे बेंगलुरु के इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान) में 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसका समापन 23 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगा। दोनों बच्चों के सहयोग के लिए उनके साथ एक-एक शिक्षक भी वहां जाएंगे।
इस कार्यक्रम में संबंधित विषय के जाने-माने विशेषज्ञ उन्हें प्रशिक्षण देंगे, ताकि उनकी प्रतिभा में और निखार आए तथा वे अपनी पूरी क्षमता का उपयोग कर सकें। बता दें कि कला और विज्ञान दोनों क्षेत्रों में देश भर से 30-30 बच्चों का चयन हुआ है, जिनमें झारखंड के दो बच्चे शामिल हैं।