Move to Jagran APP

Triple Murder in Ranchi: रिम्स से डिस्चार्ज होते ही आरोपी को जेल भेजेगी पुलिस

Jharkhand. आरोपित जवान ने अपनी पत्नी रीना तिवारी (35) बेटी खुशबू कुमारी (15) व पुत्र बादल तिवारी (13) की हथौड़े व चाकू से मार कर हत्या कर दी थी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Sun, 02 Feb 2020 03:47 PM (IST)Updated: Sun, 02 Feb 2020 03:47 PM (IST)
Triple Murder in Ranchi: रिम्स से डिस्चार्ज होते ही आरोपी को जेल भेजेगी पुलिस
Triple Murder in Ranchi: रिम्स से डिस्चार्ज होते ही आरोपी को जेल भेजेगी पुलिस

रांची, जासं। राजधानी रांची के बडग़ाईं में एक साथ तीन हत्या के आरोपी स्पेशल ब्रांच के जवान ब्रजेश तिवारी को जेल भेजा जाएगा। फिलहाल ब्रजेश रिम्स में भर्ती है, पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। रिम्स के डॉक्टरों द्वारा डिस्चार्ज करते ही पुलिस उसे जेल भेज देगी। आरोपित जवान ने अपनी पत्नी रीना तिवारी (35), बेटी खुशबू कुमारी (15) व पुत्र बादल तिवारी (13) की हथौड़े व चाकू से मार कर हत्या कर दी थी। तीनों को मारने के बाद जवान ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी।

loksabha election banner

पलामू भेजी गई तीनों लाश

जवान की पत्नी, बेटी और बेटे की लाश को पलामू भेज दिया गया है। मूल रूप से पलामू के रेहला थाना क्षेत्र के तुलरा गांव का रहने वाला ब्रजेश तिवारी अपने पूरे परिवार के साथ बडग़ाईं के चित्रगुप्त नगर के बगल में स्थित ब्रिटिश पब्लिक स्कूल के पास बलदेव साहू के मकान में प्रथम तल्ले पर किराये पर रहता था। वर्तमान में वह विशेष शाखा के डीएसपी मनीष टोप्पो के चालक के रूप में कार्यरत था।

उसकी ससुराल गढ़वा में कुड़ीकामता गांव में है। रांची के बडग़ाईं निवासी बलदेव साहू के मकान में वह डेढ़ साल से किराये पर रह रहा था। पीसीआर-9 के पदाधिकारी के बयान पर चालक जवान ब्रजेश तिवारी के खिलाफ सदर थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। सदर पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

आरोपी बृजेश ने पुलिस से कहा, बेटी के प्रेम-प्रसंग से था परेशान

ब्रजेश तिवारी ने पुलिस को बताया है कि वह अपनी पुत्री के प्रेम-प्रसंग से परेशान था। बेटी के प्रेम-प्रसंग के शक में ही शुक्रवार की रात करीब आठ बजे पत्नी और बेटी से बहस हुई। बात बढ़ी तो गुस्से में ब्रजेश ने हथौड़ा तथा चाकू से हमला कर तीनों की हत्या कर दी। मृतकों के गर्दन में चाकू व सिर के विभिन्न हिस्सों में हथौड़े से चोट लगने के गहरे जख्म मिले हैं।

सस्पेंड किया जा चुका है ब्रजेश तिवारी

ब्रजेश तिवारी पुलिस मुख्यालय द्वारा सस्पेंड किया जा चुका है। घटना के बाद ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। घटनास्थल से चाकू, हथौड़ा व शराब की बोतल भी बरामद हुई है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी आवश्यक छानबीन कर साक्ष्य संकलित किया है। इसकी जांच की जाएगी। मृतकों के नेल क्लिपिंग व बिसरा को सुरक्षित रखा गया है, ताकि उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा सके।

ट्रिपल मर्डर से गांव में है सनसनी

इस तिहरे हत्याकांड की खबर से शनिवार सुबह से ही क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। रविवार को भी आने-जाने वाले लोग घर की तरफ इशारा कर बता रहे हैं इसी घर में ट्रिपल मर्डर हुआ है। लोगों का कहना है कि जवान सनकी स्वभाव का था। जवान की बेटी खुशबू बरियातू रोड स्थित सेवेंथ डे स्कूल में दसवीं कक्षा में और बेटा उसी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता था।

हत्या करने के बाद ससुर व भतीजे को किया था फोन

शुक्रवार की रात करीब 10 बजे ब्रजेश ने अपने ससुर व भतीजे को फोन कर बताया था कि उसने सबको मार दिया है। ब्रजेश के भतीजे ने रांची के पंडरा में रहने वाली ब्रजेश की बहन को फोन कर इस बात की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। डीएसपी मनीष टोप्पो के अनुसार शुक्रवार शाम करीब सात बजे ब्रजेश ने उनसे कहा था कि उसकी पत्नी ट्रेन से रांची आ रही है। उसे रिसीव करने वह रेलवे स्टेशन जा रहा है। इसके बाद वह वहां से निकल गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.