नक्सली हमले में शहीद जवान को दी गई श्रद्धांजलि
दुमका के रानीश्वर स्थित कठालिया में हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ में घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया वहीं एक जवान शहीद हो गए।
जागरण संवाददाता, रांची : दुमका के रानीश्वर स्थित कठालिया में हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ में घायल दो जवानों व शहीद को रविवार को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। सभी जवान एसएसबी 35वीं बटालियन के हैं। सुबह नौ बजे घायल जवान राजेश कुमार राय को लाया गया। जबकि करीब 12:30 बजे शहीद नीरज क्षत्री का पार्थिव शरीर और घायल जवान करण कुमार को लाया गया। घायलों को खेलगांव स्थित हेलीपैड में उतारने के बाद एबुलेंस से मेडिका पहुंचाया गया। जबकि शहीद जवान को रिम्स के पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया। वहां इंबाल्मिंग फ्लूड (एक विशेष लेप जिससे शव डिकंपोज होने से बचा रहे) का लेप लगाया गया। इसके बाद अनगड़ा स्थित एसएसबी मुख्यालय भेजा गया। वहां अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। मेडिका में भर्ती कराए जाने के बाद उनका हाल जानने आइजी अभियान आशीष बत्रा, एसएसबी डीआइजी सुमित जोशी, कोल्हान डीआइजी कुलदीप द्विवेदी, रांची एसएसपी अनीश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। शहीद जवान के शव को आज भेजा जाएगा गुवाहाटी :
शहीद जवान के शव को सोमवार को गुवाहाटी भेजा जाएगा। अनगड़ा स्थित एसएसबी मुख्यालय में श्रद्धाजलि के बाद शव को रिम्स के शीत गृह में रखा गया है। सोमवार की सुबह विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट से कोलकाता भेजा जाएगा। कोलकाता से सीधे गुवाहाटी भेजा जाएगा। एक जवान का ऑपरेशन कर निकाली गई गोली :
घायल जवान राजेश कुमार राय के दोनों जांघ में गोलियां फंसी थी। उसे जैसे मेडिका लाया गया, वैसे ही एनआइसीयू मे भर्ती कर ऑर्थो की टीम ने गोलियां निकाल ली। इसके बाद एनआइसीयू में रखा गया है। जबकि जवान करण कुमार के हाथ में गोली लगी है। सोमवार को उसका ऑपरेशन कर गोलियां निकाली जाएगी। डॉक्टरों के अनुसार करण के सिर में भी गंभीर चोट है। वह डॉ. रमेश दास की देखरेख में इलाजरत है।