रांची रेलवे स्टेशन से आवागमन बंद, देवी मंडप तोड़ने के खिलाफ गोलबंदी
रांची रेलवे स्टेशन कैंपस में बने सतर साल पुराने देवी मंडप को हटाने के खिलाफ पूजा समिति के आह्वान पर वाहन चालकों व दुकानदारों ने हड़ताल की है।
रांची, जासं। रेल अधिकारियों पर मनमाने तरीके से 70 साल पुराने देवी मंडप को तोड़ने का आरोप लगाते हुए विरोध में रेलवे स्टेशन पर दुकानदार, टेंपो-टैक्सी और रिक्शा चालकों सहित तमाम लोगों ने हड़ताल की है। स्टेशन परिसर में सन्नाटा छाया हुआ है। रेलवे स्टेशन और आसपास बंद का व्यापक असर है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि न तो बंद समर्थक और न ही रेल प्रशासन को यात्रियों की सुविधा की परेशानी की कोई चिंता है। इस बीच रेलवे महाप्रबंधक ने दुर्गा पूजा समिति को दोपहर 1 बजे वार्ता के लिए बुलाया है। स्टेशन के बाहरी इलाके से फिलहाल आवागमन चालू हो गया है।
स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों से रांची पहुंचे बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और बीमार यात्रियों की सबसे बुरी हालत है। वे कई घंटों से बैठकर अपने गंतव्य तक जाने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि देवी मंडप विवाद में रांची रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति नगर विकास मंत्री सीपी सिंह के साथ मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री रघुवर दास और रेलवे महाप्रबंधक से से भी मिलेगा। इस दौरान सीपी सिंह विरोध कर रहे दुर्गा पूजा समिति से मिलने पहुंचे। स्टेशन कमेटी के लोगो से बात कर उन्होंने लोगों को समझाया।