रांची से धराया टीपीसी का एरिया कमांडर, पलामू में दर्ज हैं कई मामले
Jharkhand. पलामू का वांछित नक्सली टीपीसी का एरिया कमांडर बादल जी अपनी शादी की खरीदारी के लिए संगठन से छुट्टी लेकर रांची आया था।
रांची/पलामू, जेएनएन। राजधानी रांची के रातू स्थित रिंग रोड साइड से पलामू पुलिस व रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में टीपीसी के एरिया कमांडर बादल जी को गिरफ्तार किया गया है। पलामू के पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने बताया कि पुलिस निरीक्षक अभियान को सूचना मिली थी कि टीपीसी का एक वांछित नक्सली रांची आने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया।
हुसैनाबाद क्षेत्र का रहने वाला एरिया कमांडर बादल जी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसका दस्ता अभी भी छतरपुर पिपरा व बांका बिहार के औरंगाबाद में सक्रिय है। वह अपनी शादी के लिए छुट्टी लेकर खरीदारी के लिए अपने भाई के पास रांची आया हुआ था। बताया कि वह वर्ष 2015 से ही नक्सली संगठन में सक्रिय है। इसके विरुद्ध पलामू जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आगजनी व दहशत फैलाने और मारपीट का मामला दर्ज है।