Top Ranchi News of the Day, 4th April 2020, ननद-भाभी, सफाईकर्मियों की हड़ताल, हिंदपीढ़ी में बाइक से गश्त, युवक का शव, इंटर्न छात्र
Top Ranchi News of the Day 4th April 2020. पढ़ें शनिवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 4th April 2020 - शनिवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। रांची में एक महिला अपनी गर्भवती ननद की मौत का सदमा बर्दास्त नहीं कर सकी और अपनी जान दे दी। मारपीट को लेकर पूर्व पार्षद पर कार्रवाई की मांग कर रहे सफाइकर्मी शनिवार को हड़ताल पर चले गए। रांची के हिंदपीढ़ी में लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिसकर्मी बाइक से गश्त करेंगे। रांची में बीआइटी ओपी इलाके में एक युवक का शव बरामद हुआ है। झारखंड सरकार कोरोना से निपटने के लिए इंटर्न मेडिकल छात्रों की मदद लेगी। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
अनगड़ा में गर्भवती ननद की मौत के सदमे में भाभी ने भी तोड़ा दम
राजधानी रांची के अनगड़ा प्रखंड में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहां एक महिला अपनी ननद की मौत बर्दास्त नहीं कर सकी और हार्ट अटैक से उसकी भी मौत हो गई। इससे पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। गेतलसूद निवासी जलेश्वर महतो की 22 वर्षीया बेटी 6 माह की गर्भवती थी। शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव के घर आने के बाद देवंती के चचेरे भाई प्रदीप महतो की पत्नी 25 वर्षीया शीला देवी की स्थिति बिगड़ने लगी। रात लगभह साढ़े ग्यारह बजे उसकी भी मौत हो गई।
पूर्व पार्षद पर कार्रवाई की मांग को लेकर रांची में सफाईकर्मियों ने की हड़ताल
रांची के हिंदपीढ़ी क्षेत्र में पूर्व पार्षद मो. असलम द्वारा सफाईकर्मी मुकेश कुमार के साथ की गई मारपीट को लेकर शनिवार की सुबह सफाईकर्मियों ने हड़ताल कर दिया। सफाईकर्मियों के हड़ताल पर जाने की सूचना मिलते ही सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी व नगर प्रबंधक रूपेश रंजन बकरी बाजार स्थित रांची नगर निगम के स्टोर कार्यालय पहुंचे। सफाईकर्मी अधिकारियों के सामने शुक्रवार को घटित घटना को लेकर पूर्व पार्षद पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों ने सफाईकर्मियों को काफी देर तक समझाया। उसके बाद उन्होंने काम शुरू किया।
हिंदपीढ़ी में लॉकडाउन के अनुपालन को बाइक से गश्त करेगी पुलिस
रांची के हिंदपीढ़ी में लॉकडाउन के लगातार हो रहे उल्लंघन और कोरोना के संक्रमण फैलने की आशंका से रांची पुलिस ने विशेष तैयारी की है। हिंदपीढ़ी के 21 मोहल्लों को तीन बीट में बांटा गया है। सभी बीट में सात-सात मोहल्ले शामिल हैं। इन बीटों के प्रभारी डीएसपी स्तर के अधिकारी होंगे। जो लॉकडाउन का सख्ती से अनुपालन कराएंगे। अधिकारियों के साथ देने के लिए तीन से चार लाडस्पीकर लगे बाइक पर सवार पुलिकर्मी भी हाेंगे। उसमें पुलिस की संदेश के अलावा एकरा मस्जिद के इमाम का भी एक संदेश होगा। इसमें लॉकडाउन का अनुपालन कर घरों में सुरक्षित रहने की अपील की जाएगी।
सड़क के किनारे मिला युवक का शव
रांची के बीआइटी ओपी इलाके में शनिवार को सुबह सड़क के किनारे संदेहास्पद स्थिति में एक युवक का शव मिला। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक के सिर पर चोट के निशान मिले। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव देखने से यह प्रतीत हो रहा है कि युवक की हत्या की गई है।
कोरोना से निपटने में सरकार इंटर्न छात्रों की भी मदद लेगी
झारखंड सरकार कोरोना से निपटने तथा इससे संक्रमित लोगों की जांच तथा इलाज के लिए रिटायर और प्राइवेट चिकित्सकों के अलावा एमबीबीएस और डेंटल की परीक्षा पास कर चुके छात्रों की भी मदद लेगी। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। वर्ष 2020 में अंतिम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण सभी मेडिकल छात्रों का इंटर्नशिप शुरू करते हुए उन्हें इस कार्य में लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने प्राचार्यों को इन सभी छात्रों का निबंधन झारखंड मेडिकल काउंसिल में तत्काल कराने का भी निर्देश दिया है।