Top Ranchi News of the Day, 28th May 2020, ब्रांच मैनेजर को राहत, 4 कोरोना पॉजिटिव, विमान से आए प्रवासी, सेल के जीएम को राहत, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू
Top Ranchi News of the Day 28th May 2020. पढ़ें गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 28th May 2020 - गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। बैंक ऑफ बड़ौदा के सीनियर ब्रांच मैनेजर को झारखंड हाई कोर्ट से सशर्त जमानत मिली है। रांची में गुरुवार को कोरोना वायरस के 4 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। मुंबई से प्रवासी मजदूर चार्टर्ड विमान से रांची आए। सेल के जीएम को खान दुर्घटना मामले में हाई कोर्ट से राहत मिली है। मैट्रिक-इंटर की उत्तर पुस्तिकाओें का मूल्यांकन कार्य गुरुवार से शुरू हो गया है। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
बर्तन साफ कर गुजारा करने वाली युवती ने किया हवाई सफर, चार्टर्ड विमान से आए 174 प्रवासी
झारखंड के प्रवासी मजदूर चार्टर्ड विमान से गुरुवार की सुबह मुंबई से रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि मुंबई से आने वाला चार्टर्ड विमान सुबह 8:30 बजे रांची पहुंचा। विमान से 174 प्रवासी मजदूर रांची आए। 6 लोग स्वास्थ्य कारणों से नहीं आ सके। पहली बार हवाई सफर कर मुंबई से आयी एक युवती को यह क्षण भावुक कर गया। उसने बताया कि वह कोडरमा की रहने वाली है। वहां बर्तन मांज कर अपने परिवार का गुजारा करती थी।
बैंक ऑफ बड़ौदा के सजायाफ्ता ब्रांच मैनेजर को मिली जमानत
बैंक ऑफ बड़ौदा के सजायाफ्ता सीनियर ब्रांच मैनेजर कैलाश नाथ को हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। जस्टिस एके चौधरी की अदालत ने उन्हें सशर्त जमानत प्रदान की है। गुरुवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने उन्हें जमानत दी। उन्हें नीलम स्पाइसेस को अवैध तरीके से एक करोड़ रुपये का लोन देने के आरोप में सजा मिली है। बता दें कि सीबीआइ कोर्ट ने उन्हें 5 वर्ष की कारावास की सजा सुनाई है।
रांची में फिर 4 कोरोना पॉजिटिव
रांची में गुुरुवार को कोरोना वायरस के चार नए मरीजों की पहचान हुई है। चारों कोरोना मरीजों की जांच रिपोर्ट मेडिका लैब में हुई है। अब रांची में कोरोना वायरस के 131 मरीज हो गए हैं। गुरुवार को मिले सभी कोरोना पॉजिटिव रांची के ही हैं। रांची में बुधवार को भी एक कोरोना पाॅजिटिव मिला था। इससे पूर्व गुरुवार को झारखंड में कोरोना वायरस के 21 मामले सामने आए थे। झारखंड में अब कोरोना के 462 पॉजिटिव मामले हो गए हैं।
खान दुर्घटना में हुई मौत मामले में सेल के जीएम को हाई कोर्ट से मिली राहत
झारखंड हाई कोर्ट ने खान दुर्घटना में एक मजदूर की मौत मामले में सेल के जीएम को राहत प्रदान की है। गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को प्रति शपथ पत्र दायर करने का निर्देश दिया। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति आनंद सेन की बेंच में हुई। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं करने का आदेश दिया। सेल के रो मटेरियल डिवीजन में नवंबर में एक खान दुर्घटना में एक मजदूर की मृत्यु हो गई थी।
मैट्रिक-इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य हुआ शुरू
झारखंड में गुरुवार से मैट्रिक और इंटर परीक्षा की उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन शुरू हो गया। गुरुवार को रांची के जिला स्कूल में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पहुंचे परीक्षकों की पहले स्क्रीनिंग की गई। उसके बाद उन्हें क्लास रूम में प्रवेश दिया गया। इससे पूर्व रांची में बनाए गए उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन केंद्र सैनिटाइज किए गए। बताया गया कि पहले दिन लगभग 50 प्रतिशत परीक्षक मूल्यांकन कार्य के लिए पहुंचे। जैक बोर्ड की ओर से केंद्रों पर मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी।