Top Ranchi News of the Day, 21st November 2019, निष्पक्ष चुनाव को आयोग प्रतिबद्ध, किशोरी की मौत, वन कानून घोषणा की जांच, सरयू राय, मोदी के हमशक्ल
Top Ranchi News of the Day 21st November 2019. पढ़ें गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 21st November 2019 - गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा है कि आयोग झारखंड विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रतिबद्ध है। गांधीनगर कॉलोनी में आग में झुलसने से एक किशोरी की मौत हो गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ने भारतीय वन कानून में संशोधन प्रस्ताव वापस लेने को लेकर की गई घोषणा की जांच की बात कही है। भारतीय जनता पार्टी सरयू राय के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई करने से बच रही है। पीएम मोदी के हमशक्ल अभिनंदन पाठक झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रचार करेंगे। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
मुख्य चुनाव आयुक्त बोले, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए आयोग प्रतिबद्ध
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा है कि चुनाव आयोग झारखंड विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वे गुरुवार को राज्य के मुख्य सचिव डीके तिवारी और पुलिस महानिदेशक केएन चौबे समेत कई वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में बोल रहे थे। झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंची चुनाव आयोग की टीम ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से मतदाताओं की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्था और चुनाव को स्वच्छ, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के साथ सुरक्षा को लेकर किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली।
रांची में किशोरी की आग में झुलसने से मौत
राजधानी रांची में गुरुवार को एक 15 वर्षीय किशोरी की आग में झुलसने से मौत हो गई। किशोरी सीसीएल गांधीनगर कॉलोनी में रहने वाली सीसीएल अस्पताल की डाइटीशियन सोमापिका दास के घर काम करती थी। झुलसने की घटना के बाद उसे आनन-फानन में देवकमल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लड़की का नाम मौसमी बावरी है। वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया की रहने वाली थी। डॉक्टर सोमापिका दास के घर पिछले 2 सालों से मेड के रूप में काम कर रही थी। पुलिस के अनुसार किशोरी माचिस से खेल रही थी। इसी दौरान आग लग गई और बुरी तरह से झुलस गई।
प्रकाश जावड़ेकर के वन कानून संबंधी घोषणा की होगी जांच
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर द्वारा भारतीय वन कानून में संशोधन प्रस्ताव वापस लेने को लेकर की गई घोषणा की चुनाव आयोग जांच कराएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने गुरुवार को रांची में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों को उसका वीडियो फुटेज मंगाने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली वापस लौटने पर उसकी जांच करूंगा। बताया कि एक राजनीतिक दल ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन और विधानसभा चुनाव प्रभावित करने की शिकायत चुनाव आयोग से की थी। इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इस मामले में निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी।
सरयू राय को नजरअंदाज करने में ही भाजपा को दिख रही भलाई
सरयू राय प्रकरण को भाजपा कतई तूल नहीं देना चाहती। फिलहाल राय को नजरअंदाज करने में ही भाजपा को अपनी भलाई नजर आ रही है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ नामांकन करने के दो दिन बाद भी राय के खिलाफ अब तक संगठन के स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। माना जा रहा है फिलहाल राय के निष्कासन की कार्रवाई को सात दिसंबर तक लटका कर रखा जाएगा। जब दूसरे चरण के मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, उसके बाद भाजपा उन्हें अधिकृत तौर पर निष्कासित करेगी। जमशेदपुर पूर्वी सीट से राय ने मुख्यमंत्री के खिलाफ पर्चा दाखिल किया है, वहां भी इस तिथि तक मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
पीएम मोदी के हमशक्ल अभिनंदन पाठक पहुंचे रांची
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमशक्ल के रूप में देशभर में चर्चित अभिनंदन पाठक बुधवार को रांची पहुंचे। वे विधानसभा चुनाव में कैंप कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। भारतीय नमो सेवा दल नामक संगठन चला रहे अभिनंदन पाठक ने बातचीत में कहा कि झारखंड में भाजपा को पूरी ताकत से सत्ता पर काबिज करने के लिए उनकी पूरी टीम काम करेगी। अभिनंदन ने कहा, नमो सेवा दल 2014 से ही निरंतर भाजपा के समर्थन में कार्य कर रहा है।