Top Ranchi News of the Day, 14th November 2019, सीएम के खिलाफ गौरव, हरिनारायण राय को झटका, वशिष्ठ के निधन पर शोक, भाजपा का प्रचार, योगेंद्र साव
Top Ranchi News of the Day 14th November 2019. पढ़ें गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 14th November 2019 - गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। झारखंड विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ गौरव बल्लभ कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। पूर्व मंत्री हरिनारायण राय की चुनाव लडऩे संबंधी याचिका को हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है। वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन पर झारखंड के नेताओं ने शोक जताया है। सीएम रघुवर दास ने भाजपा के प्रचार वाहन को रवाना किया। योगेंद्र साव की जमानत मामले में हाई कोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
गौरव बल्लभ होंगे सीएम रघुवर दास के खिलाफ कांग्रेस के प्रत्याशी
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और एक्सएलआरआइ जमशेदपुर के प्रोफेसर गौरव बल्लभ मुख्यमंत्री के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार हो सकते हैं। झारखंड प्रदेश के कई सीनियर नेताओं ने उन्हें प्रत्याशी बनाने की मांग केंद्रीय नेतृत्व से की है। बल्लभ वही व्यक्ति हैं जिन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा से एक टीवी चैनल पर पूछ लिया था कि ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं और संबित तत्काल इसका जवाब नहीं दे सके थे। गौरव बल्लभ का राजनीतिक सफर बहुत लंबा नहीं है लेकिन उनकी योग्यता को देखते हुए कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता का पद दिया और इसे वे निभा भी रहे हैं।
पूर्व मंत्री हरिनारायण राय को झटका, चुनाव लडऩे संबंधी याचिका खारिज
झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री हरिनारायण राय को झारखंड हाई कोर्ट से झटका लगा है। हाई कोर्ट ने चुनाव लडऩे संबंधी उनकी याचिका को खारिज कर दिया है। हरिनारायण राय ने चुनाव लडऩे के लिए सजा पर रोक की मांग करते हुए उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की थी। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी कोर्ट ने हरिनारायण राय को सजा सुनाई है। हरिनारायण राय पर 4.33 करोड़ रुपये के मनीलांड्रिंग का आरोप है।
वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन पर झारखंड में शोक
देश के विभूति और महान गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुवार की सुबह बिहार की राजधानी पटना के पीएमसीएच में अंतिम सांसें लीं। प्रखर और विद्वान वशिष्ठ बाबू लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वशिष्ठ बाबू लंबे समय तक रांची के कांके के केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान में इलाजरत थे। उनके निधन पर झारखंड के नेताओं ने संवेदना जताई है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भारत के महान गणितज्ञ डॉ. वरिष्ठ नारायण सिंह के निधन पर अपने संदेश में लिखा- आज भारत के महान गणितज्ञ डॉ. वरिष्ठ नारायण सिंह जी का निधन हो गया है। मैं उनके निधन से बहुत दुखी हूं।
भाजपा ने प्रचार में झोंकी ताकत, सीएम रघुवर ने एलईडी वाहन को किया रवाना
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियां प्रचार में जोर-शोर से जुट गई हैं। इसी क्रम में राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने गुरुवार को एलईडी प्रचार वाहन को रवाना किया। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एलईडी प्रचार वाहन को मुख्यमंत्री रघुवर दास व सह चुनाव प्रभारी नंद किशोर यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले चरण का मतदान 30 नवंबर को है। अब प्रभार अभियान जोर पकड़ेगा।
योगेंद्र साव मामले में हाई कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब
पूर्व मंत्री योगेंद्र साव मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है। गुुरुवार को अदालत में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की जमानत मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने पूछा कि निचली अदालत में मामले की स्थिति क्या है। बता दें कि योगेंद्र साव पर एनटीपीसी के जमीन अधिग्रहण के विरोध में धरना देने का आरोप है।