Top Ranchi News of the Day, 13th March 2020, बस-ट्रक टक्कर में 3 की मौत, सदन में दुष्कर्म मामला, अधिकारियों की पोस्टिंग, डीवीसी से मांगी रिपोर्ट, राज्यसभा नामांकन
Top Ranchi News of the Day 13th March 2020. पढ़ें शुक्रवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 13th March 2020 - शुक्रवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। रांची के बुंडू में बस और ट्रक के बीच टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। एमजीएम अस्पताल में महिला के साथ दुष्कर्म का मामला झारखंड विधानसभा में उठा। राज्य प्रशासनिक सेवा के 3 दर्जन अधिकारियों की पोस्टिंग हुई है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने बिजली कटौती पर डीवीसी से रिपोर्ट मांगी है। राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के दीपक प्रकाश और कांग्रेस के शहजादा अनवर ने नामांकन दाखिल किया। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
टाटा जा रही बस की ट्रक से जोरदार टक्कर, 3 की मौत
रांची के बुंडू में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हुआ है। बिहार के बिहारशरीफ से टाटा जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दर्जनभर लोग बुरी तरह घायल हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-33 पर सड़क पर पहले से खड़े ट्रक में यात्री बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक दर्जन यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों का इलाज बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल में कराया जा रहा है। मृतकों में एक बच्ची भी शामिल है।
सदन में उठा एमजीएम दुष्कर्म मामला, अब जमशेदपुर के सिटी एसपी करेंगे जांच
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के आठवें कार्यदिवस शुक्रवार को एक बार फिर सदन में भाजपा विधायकों ने अपना विरोध जताया है। जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में महिला के साथ दुष्कर्म के मामले को विधायकों ने जोर-शोर से उठाया। इसके बाद सरकार की ओर से जमशेदपुर एमजीएम में महिला संग दुष्कर्म मामला की जांच कराने का फैसला किया गया है। साकची थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। जमशेदपुर के सिटी एसपी पूरे मामले की जांच करेंगे। दोपहर बाद विधानसभा के बजट सत्र की दूसरी पाली की कार्यवाही शुरू हुई। इस दौरान जल संसाधन विभाग तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा हुई।
राज्य प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों की पोस्टिंग
राज्य प्रशासनिक सेवा के 3 दर्जन अधिकारियों की पोस्टिंग की गई है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। कुछ अधिकारी प्रोन्नति के बाद पोस्टिंग के इंतजार में थे जबकि कुछ वेटिंग फॉर पोस्टिंग थे। भुजेंद्र बास्की ऊर्जा विभाग में अपर सचिव पदस्थापित किए गए हैं। वे अपने कार्यों के साथ राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड जनजातीय विकास सोसाइटी के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। विजय कुमार मुंजनी परिवहन विभाग में संयुक्त सचिव पदस्थापित किया गया है। प्रतीक्षारत दिलीप कुमार को माडा धनबाद का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। धनबाद नगर निगम के अपर नगर आयुक्त राजीव रंजन को मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
ऊर्जा राज्य मंत्री से मिली सांसद अन्नपूर्णा देवी, मंत्री ने डीवीसी से मांगी रिपोर्ट
कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री आरके सिंह से मिलकर डीवीसी द्वारा कमांड एरिया में की गई बिजली कटौती पर बात की। उन्होंने मंत्री से कहा कि डीवीसी द्वारा लगातार झारखंड के कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह सहित उसके कमांड एरिया में आनेवाले शहरों की बिजली काट दी जा रही है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऊर्जा राज्यमंत्री ने सांसद की बातों को सुनने के बाद कहा कि वैसे यह राज्य का मामला है लेकिन वह अपने स्तर से इस मामले पर डीवीसी से रिपोर्ट तलब करेंगे और कोई रास्ता निकालने का प्रयास करेंगे।
भाजपा के दीपक प्रकाश व कांग्रेस के शहजादा ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन
झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को भाजपा के प्रत्याशी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कुल दो सेटों में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और भाजपा के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। इधर कांग्रेस के उम्मीदवार शहजादा अनवर ने भी नामांकन दाखिल किया। झारखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा ने अपना उम्मीदवार खड़ा किया है। पार्टी को आजसू और एक-दो अन्य विधायकों का समर्थन हासिल होने की उम्मीद है। इससे पूर्व झामुमो के शिबू सोरेन नामांकन दाखिल कर चुके हैं। इस तरह से झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव में तीन उम्मीदवार मैदान में हैं।