पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के मामले में दो की दर्ज हुई गवाही, पढ़ें कोर्ट की खबरें
Jharkhand. अपर न्यायायुक्त विशाल श्रीवास्तव की अदालत में बड़कागांव में पदस्थापित तत्कालीन पुलिसकर्मी बलेश्वर यादव समेत दो की गवाही दर्ज की गई।
रांची, राज्य ब्यूरो। पूर्व मंत्री योगेंद्र साव एवं उनकी पत्नी पूर्व विधायक निर्मला देवी से संबंधित बड़कागांव थाने में दर्ज मामले में गुरुवार को सुनवाई हुई। अपर न्यायायुक्त विशाल श्रीवास्तव की अदालत में बड़कागांव में पदस्थापित तत्कालीन पुलिसकर्मी बलेश्वर यादव समेत दो की गवाही दर्ज की गई। गवाही के दौरान योगेंद्र साव को जेल से लाकर अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान योगेंद्र साव की बेटी विधायक अंबा प्रसाद भी कोर्ट में मौजूद रही। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर योगेंद्र साव से जुड़े सभी मामलों को हजारीबाग से रांची की अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां पर सुनवाई चल रही है।
निर्मला देवी के वकील बोले अब चुनाव मामले में सुनवाई का औचित्य नहीं
झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस एबी सिंह की अदालत में तत्कालीन विधायक निर्मला देवी की याचिका पर आंशिक सुनवाई हुई। इस दौरान प्रार्थी रोशन लाल चौधरी की ओर से अदालत से समय दिए जाने का आग्रह किया गया, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए मामले में अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद निर्धारित की है।
इससे पहले निर्मला देवी के अधिवक्ता अरविंद लाल ने अदालत को बताया कि वर्ष 2014 में बड़कागांव की विधायक रही निर्मला देवी का कार्यकाल समाप्त हो गया है। वर्ष 2019 में विधानसभा चुनाव भी हो गया है, ऐसे में अब इस चुनाव याचिका पर सुनवाई करने का कोई औचित्य नहीं है। इसके बाद अदालत ने मामले में अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद निर्धारित की है। बता दें कि रोशन लाल चौधरी ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर तत्कालीन विधायक निर्मला देवी के निर्वाचन को चुनौती दी है।