भाजयुमो की नारेबाजी के विरोध में बवाल, आठ घायल; तनाव
तनाव के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस बीच, भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने हिनू चौक जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जागरण संवाददाता, रांची। भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर भाजयुमो की ओर से ओटीसी मैदान से निकाले गए मोटरसाइकिल जुलूस में शामिल लोगों को नारेबाजी से रोकने पर मेन रोड पर दो समुदाय उलझ पड़े। इससे तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि जुलूस में शामिल भाजयुमो कार्यकर्ताओं को समुदाय विशेष के लोग धार्मिक व उत्तेजक नारेबाजी से रोक रहे थे। नारेबाजी नहीं रुकने से स्थिति बिगड़ी। देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया। डेली माकेर्ट में कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी भी की। इसमें विजय कुमार मुर्मू समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। भाजयुमो के पांच कार्यकर्ताओं को भी चोट लगी। भाजयुमो अध्यक्ष सूर्यप्रताप के अनुसार कार्यकर्ताओं का गुरुनानक अस्पताल में इलाज कराया गया।
तनाव के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस बीच आगे बढ़कर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने हिनू चौक जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। भाजयुमो नेताओं का दावा है कि डोरंडा में दर्जी मोहल्ले के पास असामाजिक तत्वों ने जुलूस पर तीन राउंड फाय¨रग भी की।इस घटना से रविवार शाम करीब चार बजे से सात बजे तक अल्बर्ट एक्का चौक से लेकर हिनू चौक तक का माहौल तनावपूर्ण बना रहा। तनाव अभी भी व्याप्त है, लेकिन नियंत्रण में है। हंगामे के बाद डेली मार्केट, चर्च रोड की दुकानें बंद हो गई। ईद को लेकर बाजार में चहल पहल थी। बाजार में खरीदारी करने आए लोग हंगामे को देखते भागने लगे। इससे अफरातफरी मच गई।
घटना के विरोध में बहू बाजार व कांटाटोली में भी समुदाय विशेष के लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। एहतियातन इस पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार को जुलूस को बिरसा चौक पहुंचना था। डेली मार्केट के पास जुलूस का बड़ा हिस्सा आगे बढ़ गया था। अंतिम हिस्से को समुदाय विशेष के लोगों ने यह कहते हुए टोका कि वह धार्मिक व उत्तेजक नारेबाजी बंद करें। इससे दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। हालांकि, जुलूस के साथ पुलिस भी थी, वह मौके को संभालने में तत्काल असफल रही।
इस मौके का फायदा उठाते हुए उपद्रवियों ने भाजयुमो रांची महानगर अध्यक्ष की कार के ड्राइवर की पिटाई करते हुए वाहन के शीशे तोड़ डाले। कुछ और वाहनों के भी शीशे भी तोड़े गए। यहीं किसी उपद्रवी ने पत्थर चला दिया जो पुलिसकर्मी के सिर में लगी। अफरातफरी का माहौल बन गया। दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। सड़क पर यातायात पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। सूचना पाकर पुलिस बल के साथ सिटी एसपी अमन कुमार, एसडीओ अंजलि यादव भी मौके पर पहुंचीं। इन्हें दोनों समुदाय के लोगों को समझाबुझा कर शांत कराने में तीन घंटे लग गए।
हिनू में भाजयुमो ने काटा बवाल
मेड रोड से आगे बढ़ते हुए भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने हिनू चौक पर बवाल काटा। चौक पर धरना-प्रदर्शन करने लगे। यहां कुछ भाजपा नेता भी जुट गए। यहां करीब एक घंटे सड़क जाम की स्थिति बनी रही। भाजयुमो का दावा है कि हिनू चौक से पहले दर्जी मोहल्ले के पास उपद्रवियों ने जुलूस की ओर तीन राउंड फाय¨रग की। हालांकि इससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिससिटी एसपी अमन कुमार ने कहा है कि दोनों पक्ष के बीच हुए विवाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच उपरांत दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जहां तक हिनू में गोली चलने की बात है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
तनाव के दौरान पड़ा दिल का दौरा, हिंदपीढ़ी निवासी की मौत
मेन रोड पर जिस वक्त तनाव चरम को छू रहा था उसी दौरान उर्दू लाइब्रेरी के सामने एमएन हैंडलूम एंड ऑप्टिकल दुकान के मालिक मो. नेसार को दिल का दौरा पड़ गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही इन्होंने दम तोड़ दिया। 55 वर्षीय नेसार हिंदपीढ़ी के रहने वाले थे।