बेंगलुरु से रांची आई किशोरी से उसके मौसा ने बीयर पिलाकर की जबर्दस्ती
नशा में होने के बाद मौसा और उसका दोस्त नाबालिग को स्कूटी में बैठाकर पलांडू स्थित अनुसंधान केंद्र के पीछे स्थित जंगल में ले गए। यहां देर रात तक उसके साथ दुष्कर्म करते रहे।
रांची, जासं। लॉकडाउन में बेंगलुरू से रांची लौटी नाबालिग को बीयर पिलाकर थाना क्षेत्र के पलांडू जंगल में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। दुष्कर्म नाबालिग के रिश्ते में मौसा ने अपने दोस्त के साथ मिलकर किया। मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित मौसा समीर कुमार लकड़ा और आनंद कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग के बयान पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रविवार को नाबालिग का मेडिकल कराया गया। नाबालिग ने बताया कि वह बेंगलुरु में काम करती थी। लॉकडाउन से पूर्व रांची लौटी थी। यहां उसके दोस्त ने रांची के किसी लॉज में उसके रहने की व्यवस्था कर दी थी। शनिवार की शाम लगभग सात बजे उसके मौसा समीर ने पार्टी देने की बात कहते हुए लोवाडीह सामलौंग बुलाया। वहां से दोनों स्कूटी से बरगावां पहुंचे। यहां समीर ने आनंद को बुलाया।
बरगावां में दोनों ने मिलकर जबरदस्ती नाबालिग को बीयर और सिगरेट पिलाया। इससे नाबालिग को नशा चढ़ गया। नशा में होने के बाद दोनों उसे स्कूटी में बैठाकर पलांडू स्थित अनुसंधान केंद्र के पीछे स्थित जंगल में ले गए। यहां देर रात तक उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। जब नाबालिग के दोस्त ने देर रात एक बजे फोन किया उसने घटना की जानकारी दी। दोस्त ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल का लोकेशन निकाला और खोजबीन में जुट गई। रविवार की सुबह लगभग चार बजे जंगल में पुलिस को आता देख दोनों आरोपित नाबालिग को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से नाबालिग को बरामद किया और आरोपितों की स्कूटी जब्त की है। थानाप्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और छानबीन में जुट गई। इससे नाबालिग को बरामद किया गया। साथ आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। नाबालिग की मेडिकल जांच करा ली गई है। सोमवार को दोनों आरोपितों को जेल भेजा जाएगा।