Ind vs Aus: धौनी के घर टीम इंडिया, साक्षी के साथ छक कर खाया लिट्टी-चोखा
MS Dhoni. रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धौनी के सिमलिया स्थित घर पर बस से पहुंची टीम इंडिया की खूब मेहमाननवाजी हुई। देर रात तक यहां खिलाडिय़ों ने मस्ती की। जीवा ने सबका दिल जीता।
रांची, [जागरण स्पेशल]। आठ मार्च को भारत और आस्ट्रेलिया के साथ होने वाले तीसरा एकदिवसीय मैच खेलने पहुंची टीम इंडिया के खिलाडिय़ों ने बुधवार की रात महेंद्र सिंह धौनी के सिमलिया स्थित घर में रात का खाना खाया। टीम के खिलाड़ी होटल से एक बस में माही के घर पहुंचे थे। देर रात तक खिलाड़ी यहां जमे रहे और जमकर मस्ती की। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था थी और बाहरी किसी भी शख्स को प्रवेश की इजाजत नहीं थी। मीडिया को भी इस आयोजन से दूर ही रखा गया।
धौनी की पत्नी साक्षी ने की आवभगत
खाने में कई तरह के व्यंजन बने थे लेकिन ज्यादातर खिलाडिय़ों का ध्यान खींचा लिट्टी चोखा ने। टीम इंडिया के गब्बर तो जैसे इसके मुरीद ही हो गए। सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने बताया कि शिखर ने पहुंचते ही सर्व कर रहे एक वेटर से पूछा, लिट्टी-चोखा है कि नहीं। खाना शुरू हुआ तो धवन ने केदार जाधव को लिट्टी खाने को कहा। केदार ने भी पसंद से लिट्टी खाई।
सबकी दुलारी बनी धौनी की बेटी जीवा
इन सबसे अलग रोहित शर्मा अपना समय माही की बेटी जीवा के साथ बिता रहे थे। जीवा भी सभी खिलाडिय़ों से हिल मिल गई थी। सभी वहां तीन से साढ़े घंटे तक रहे। इस दौरान माही के पिता पान सिंह व माता देवकी व साक्षी भी वहां रही। धौनी के घर में क्रिकेट खिलाडिय़ों के आने की खबर फैलते ही वहां पर क्रिकेटप्रेमियों की भीड़ लग गई थी। सभी खिलाडिय़ों की एक झलक पाने को बेताब थे लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने किसी को घर के आसपास फटकने नहीं दिया।
जमकर हुई हंसी-ठिठोली
रांची शहर से 15 किलोमीटर दूर सिमलिया में देर रात तक टीम इंडिया की महफिल जमी। रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धौनी के आमंत्रण पर बुधवार को टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी यहां जुटे। अपने माता-पिता और पत्नी साक्षी के साथ धौनी ने टीम के साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां रात्रिभोज के दौरान डिनर टेबल पर आठ मार्च को जेएससीए स्टेडियम में आस्ट्रेलियाई टीम के साथ तीसरे वनडे मैच को जीत कर सीरीज कब्जे में करने की भी रणनीति बनी। शिखर धवन, रोहित शर्मा सरीखे खिलाड़ियों के बीच माही के घर में जमकर हंसी-ठिठोली हुई।
धौनी के हमर में ऐसे घुसी टीम इंडिया
टीम इंडिया के सिमरिया फार्म हाउस आने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन ने चाक चौबंद सुरक्षा की व्यवस्था कर रखी थी। हालांकि प्रशंसकों की पूरी फौज भी धौनी के घर के गेट पर अपने चहेते खिलाडि़यों का दीदार करने के लिए घंटों खड़ी रही। फैंस धौनी व अन्य खिलाड़ियों की एक झलक पाने को आतुर थे। जैसे ही बस यहां पहुंची, लोगों ने धौनी-धौनी के नारे लगाये। इससे पहले टीम इंडिया के रांची पहुंचने पर होटल जाने के क्रम में धौनी के हमर का खूब क्रेज दिखा। साथी खिलाड़ी हमर में ऐसे घुस गई जैसे वे अब इसी से होटल जाएंगे। बाद में खिलाड़ी बस से रेडिशन ब्ल्यू होटल गए।