भगवान सूर्य की तरह चमके हमारा झारखंड : सीएम
रविवार को अरोड़ा छठ तालाब के पास भगवान सूर्य के मंदिर की स्थापना की गई। प्राण प्रतिष्ठा के दौरा राज्य के मुख्य मंत्री रघुवर दास भी उपस्थित रहे।
जागरण संवाददाता, रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को अरगोड़ा तालाब पर बने सूर्य मंदिर का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य शक्ति व तेज के प्रतीक हैं। मैं अराधना करता हूं कि झारखंड सूर्य की तरह चमके। कहा कि छठ अनोखा पर्व है। जीवन की कल्पना सूर्य के बिना नहीं की जा सकती है। कन्याओं व विवाहिताओं ने द्वार पर तिलक कर उनका स्वागत किया। हटिया विधायक नवीन जायसवाल, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, पार्षद अरूण झा ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। अरगोड़ा तालाब में बन रहे इस सूर्य मंदिर के योगदान में छठव्रतियों का अहम योगदान है। सभी के सहयोग से ही इस आकर्षक मंदिर का निर्माण हो सका है। सुनहरे रंग का यह मंदिर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
--------------------
राज्य के विकास के लिए करें प्रार्थना : सुबोध
रविवार को अरगोड़ा तालाब पर नवनिर्मित श्री सूर्य मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकात सहाय ने कहा कि भगवान भुवन भास्कर की कृपा से समस्त विश्व का कल्याण होता है। मौके पर सुबोधकांत सहाय ने छठव्रतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह तप और साधना का अनूठा पर्व है, जिससे सभी का कल्याण होता है। उन्होंने व्रतियों से आग्रह किया कि वे राज्य के विकास के लिए भगवान से प्रार्थना करें।
मौके पर ये रहे मौजूद
शिवदुर्गा ट्रस्ट के वरीय पदाधिकारी सुनील साहु, अवध साहु, प्रकाश साहु, दीपक प्रसाद, विपिन साहु, मनोज सिंह, संजय साहु, प्रेम साहु, शिव नंदन साहु, राजकुमार साहु सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।