50 फीसद बच्चे नहीं जाते स्कूल, चलेगा स्कूल चलें अभियान
Jharkhand. राज्य में प्रत्येक वर्ष स्कूल चलें चलाएं अभियान चलाए जाने तथा कई योजनाएं संचालित होने के बावजूद बच्चों के स्कूल छोडऩे की समस्या बरकरार है।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य में प्रत्येक वर्ष स्कूल चलें चलाएं अभियान चलाए जाने तथा कई योजनाएं संचालित होने के बावजूद बच्चों के स्कूल छोडऩे की समस्या बरकरार है। राज्य के स्कूलों में बच्चों के ठहराव की दर अभी भी कम है। माध्यमिक स्कूलों में तो ठहराव व नामांकन दर काफी कम है। इनमें सुधार लाने के लिए इस साल भी स्कूल चलें चलाएं अभियान 10 जून से 30 जून तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव एपी सिंह ने इसे लेकर सभी उपायुक्तों को निर्देश जारी कर दिया है।
बच्चों के ठहराव की दर प्राथमिक स्कूलों में 76.73 फीसद तथा प्रारंभिक स्कूलों में 53.26 फीसद है। माध्यमिक स्तर पर तो यह दर महज 31.81 फीसद है। इसी तरह, कई जिलों में यह दर राज्य दर से काफी कम है। प्रारंभिक स्तर पर पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां तथा रामगढ़ में सबसे खराब स्थिति है। जामताड़ा, रांची, सिमडेगा तथा खूंटी बच्चों के ठहराव की दर राज्य दर से कम है। माध्यमिक स्तर पर नामांकन दर (नेट इनरालमेंट रेशियो) की बात करें तो राज्य में यह दर महज 49.80 फीसद है।
पाकुड़, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, साहिबगंज, दुमका, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां तथा गुमला में यह दर राज्य औसत से काफी कम है। पाकुड़ में तो महज 23.13 फीसद नामांकन दर है। प्रधान सचिव ने इन सभी जिलों में विशेष ध्यान देने का निर्देश उपायुक्तों को दिया है। अभियान के दौरान शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करनेवाले स्कूलों को प्रोत्साहित करने के लिए विद्यालय दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तर पर 8 सितंबर को उन स्कूलों के शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
75 फीसद उपस्थित अनिवार्य
प्रधान सचिव ने सभी स्कूलों में न्यूनतम 75 फीसद उपस्थिति अनिवार्य करने को कहा है। बच्चों की उपस्थिति के आधार पर ही शिक्षकों व पारा शिक्षकों के परफॉरमेंस का आकलन होगा। जिन बच्चों की उपस्थिति नियमित नहीं है उनके अभिभावकों से संपर्क कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
साइकिल के लिए मिलेंगे 3500 रुपये
कक्षा छह एवं सात के वैसे बच्चे जो दूर के अच्छे व संसाधन पूर्ण स्कूलों में नामांकन लेंगे, उन्हें साइकिल के लिए 3,500 रुपये दिए जाएंगे। इस संबंध में भी निर्देश दिया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप