गरीबों को ठगना काग्रेस के डीएनए में : दीपक प्रकाश
रांची भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि गरीबों को ठगना उन्हें धोखा देना कांग्रेस के डीएन में है। वह शुरू से ऐसा करती आई है।
रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि गरीबों को ठगना, उन्हें धोखा देना कांग्रेस के डीएनए में है। उन्होंने कहा कि देशभर की तर्ज पर झारखंड में भी काग्रेस पार्टी ने मजदूरों के किराया देने की बात कही थी। कांग्रेस को बताना चाहिए कि अबतक उसने कितने किराए का भुगतान किया है। राज्य की जनता को यह जानने का पूरा हक है कि आखिर काग्रेस पार्टी ने अब तक कितने पैसे गरीबों के किराए में खर्च किए हैं।
दीपक प्रकाश ने इस क्रम में उत्तर प्रदेश और राजस्थान सरकार के बीच किराए को लेकर उठे विवाद का भी जिक्र किया। उत्तर प्रदेश सरकार से कांग्रेस की राजस्थान सरकार द्वारा 36 लाख रुपये बस किराया मागने पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरे देश मे काग्रेस पार्टी ने मजदूरों को ट्रेन एवं बस का किराया पार्टी द्वारा भरने का ढिंढोरा पीटा। लेकिन, काग्रेस का दोहरा चरित्र जग जाहिर है। उसकी कथनी और करनी हमेशा उलटी रही है। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश में हुई दुर्घटना का जिक्र करते हुए प्रकाश ने झारखंड सरकार को घेरा। कहा, योगी सरकार ने झारखंड के मृत प्रवासी मजदूरों की घोषित दो लाख रुपये की सहायता राशि परिजनों के खाते में दो दिन पूर्व ही पहुंचा दी, जबकि झारखंड सरकार अभी तक विचार ही कर रही है। किसानों का कर्ज माफ करे राज्य सरकार : सुदेश
रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने लॉकडाउन में किसानों की दयनीय हालत के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने सवाल उठाया है कि किसानों की कर्ज माफी का राज्य सरकार का फैसला कब लागू होगा। कहा है कि सरकार कर्ज माफ करने से मुंह मोड़ रही है, जबकि बजट में दो हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। हालाकि, यह प्रावधान कर्ज की तुलना में बहुत कम है। कहा है कि दो हजार करोड़ रुपये भी माफ हो, तो किसानों को थोड़ी राहत मिलेगी। घूस लेने की गलत शिकायत करने पर नपा देवघर का शिक्षक
रांची : जिला शिक्षा पदाधिकारी पर घूस लेने की गलत शिकायत करने का खामियाजा देवघर के एक शिक्षक को उठाना पड़ा है। देवघर के एक स्कूल के जीव विज्ञान के शिक्षक राकेश कुमार ने नियुक्ति को लेकर काउंसिलिंग के समय जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) के विरुद्ध घूस लेने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की थी। लेकिन, जब इसकी जांच हुई तो वह इससे मुकर गया। अब माध्यमिक शिक्षा निदेशक जटाशंकर चौधरी ने इसे गंभीरता से लेते हुए शिक्षक की इस हरकत को उसकी सर्विस बुक में उल्लेख करने का आदेश दिया है। साथ ही, जिला शिक्षा स्थापना समिति को नियुक्ति रद करने की कार्रवाई करने पर विचार करने को कहा है।
दरअसल, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से शिकायत की जानकारी मिलने के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की तीन सदस्यीय टीम जांच के लिए देवघर गई थी। जांच के क्रम में शिक्षक ने स्वीकार किया कि किसी व्यक्ति ने उससे व्यक्तिगत रूप से घूस नहीं मांगा था। काउंसिलिंग में देरी होने की वजह से परेशान होकर उसने यह घूस मांगने की यह शिकायत दर्ज कराई। उसने लिखित रूप से अपना आरोप वापस भी ले लिया।