रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली और मुंबई के लिए शुरू हुई स्पाइस जेट की उड़ान
Spicejet Flights अभी रांची से दिल्ली मुंबई चेन्नई कोलकाता बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं। हालांकि अभी एयरपोर्ट से किसी अन्य शहर के लिए उड़ान शुरू नहीं हुई है। अब रांची एयरपोर्ट से 17 उड़ानें हो गई हैं।
रांची, जासं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से रविवार को स्पाइसजेट एयरलाइंस की दो उड़ानें शुरू हो गई हैं। इनमें दिल्ली के लिए पहली उड़ान 8:30 बजे थी। इस उड़ान का शुभारंभ एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने किया। इस मौके पर कई अन्य लोग मौजूद थे। स्पाइसजेट के दूसरे यात्री विमान ने मुंबई के लिए 9:30 बजे उड़ान भरी। इसी के साथ रांची एयरपोर्ट के लिए 17 उड़ानें हो गई हैं। अभी रांची से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं।
हालांकि अभी एयरपोर्ट से किसी अन्य शहर के लिए उड़ान शुरू नहीं हुई है। पिछले दिनों एयरपोर्ट पर सलाहकार समिति की बैठक में सांसद संजय सेठ ने रांची एयरपोर्ट से लखनऊ, वाराणसी और पुणे के लिए हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव एयरपोर्ट के अधिकारियों को दिया था। इस संबंध में एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा का कहना है कि उन्होंने प्रस्ताव एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भेज दिया है।