विजयादशमी के मौके पर शहर में पुतला दहन की तैयारी
राची शहर में विजयादशमी के अवसर पर कई जगहों पर पुतला दहन का कार्यक्रम किया जाएगा। जानिए क्या है खास इस बार..
जासं, राची: विजयादशमी के मौके पर शहर के विभिन्न इलाकों में रावण, मेघनाद एवं कुम्भकरण दहन का आयोजन किया जाएगा. आयोजन करने वाले समितियों ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। शहरवासियों के मनोरंजन के लिए खास इंतजाम किये जा रहे हैं। मोरहाबादी मैदान में 65 फीट का रावण, 60 फीट का कुम्भकरण और 55 फीट के मेघनाद के पुतले का निर्माण किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन पंजाबी-हिन्दू बिरादरी दशहरा कमेटी द्वारा किया जा रहा जिसमे मुख्यमंत्री रघुवर दास राम और लक्ष्मण के साथ शाम 5.45 बजे रावण वध करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 3.30 बजे शुरू हो जाएगा जिसमें खास तौर पर आमंत्रित संस्कार टीवी के भजन गायक अनिल शर्मा और उनकी 24 लागों की टीम शामिल हो रही है। कार्यक्रम में लाइव प्रोग्राम के साथ दुर्गा स्तुति के अलावा नृत्य का आयोजन किया जाएगा। रावण दहन कार्यक्रम के दौरान मैदान में लेजरसाउंड सिस्टम के साथ कोलकाता से आई कारीगरों द्वारा जमीनी और आकाशीय आतिशबाजी का प्रबंध किया जा रहा है। पुतला निर्माण का काम मुस्लिम समुदाय के लोग कर रहे हैं। अरगोड़ा के दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति द्वारा 65 का रावण, 55 फीट का कुम्भकरण और 45 फीट के मेघनाद का पुतला बनाया जा रहा है। पुतला निर्माण मो मुस्लिम और उनके सदस्यों द्वारा किया जा रहा है वहीं बक्सर से आयी टीम आतिशबाजी की व्यवस्था कर रही है। इस बार पुतलो में खास प्रयोग किये गए है। रावण के पुतले के नाभि में जैसे ही तीर लगेगी वैसे ही उसके आंखों से पानी निकलेगा। एचईसी स्थित शालीमार बाजार में पुतला दहन का आयोजन किया जाएगा। यह रावण के पुतले की लम्बाई 50 फीट और कुम्भकरण का पुतला 45 फीट का बनाया जाएगा। शाम 4 बजे से शुरू रंगारंग संस्कृतिक कार्यक्रम के बाद पुतला दहन का आयोजन किया जाएगा।