रांची सदर अस्पताल का विशेष सचिव ने किया निरीक्षण, नए भवन को जल्द हैंडओवर करने का निर्देश
रांची स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव सीके उरांव ने गुरुवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल पहुंचने के बाद ओपीडी काम्पलेक्स का जायजा लिया।
जासं, रांची : स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव सीके उरांव ने गुरुवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल पहुंचने के बाद ओपीडी काम्पलेक्स का जायजा लिया। इसके बाद इमरजेंसी व वार्डो का भी निरीक्षण किया। अस्पताल में बन रहे नए भवन के हैंडओवर में हो रही देरी को लेकर संवेदक को फटकार लगाई। जल्द भवन का काम पूरा कर हैंडओवर देने का निर्देश दिया। करीब एक घंटे निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन डा. वीबी प्रसाद, उपाधीक्षक डा. एस मंडल व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। अस्पताल में चल रही अन्य योजनाओं की जानकारी लेने के बाद चिकित्सकों को भी दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद सीके उरांव ने कहा कि समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण जरूरी है। इसी क्रम में स्टेट की तरफ से डिस्ट्रिक्ट लेवल के अधिकारियों को अलग-अलग जिले के सदर अस्पताल का निरीक्षण का निर्देश दिया गया है। उसी क्रम में रांची जिले के सदर अस्पताल पहुंचा। निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल में जो भी सुधार की जरूरत और कमियां दिखी, सभी को समय से दूर करने व आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। रिम्स कोविड सेंटर में सेवा दे रहे कर्मियों को अब 5 दिनों का होम क्वारंटाइन
रिम्स के कोविड सेंटर में सेवा दे रहे चिकित्सक, नर्स व अन्य कर्मचारियों को अब अस्पताल में क्वारांटाइन की व्यवस्था नहीं होगी। कोविड ड्यूटी बाद उन्हें 5 दिनों का होम क्वारांटाइन दिया जाएगा। कोविड ड्यूटी समाप्त होते ही कार्यरत चिकित्सक, नर्स, पारा मेडिकल कर्मियों व अन्य कर्मी को ट्रू नेट जांच कराना अनिवार्य होगा। जिसके बाद वे सीधे तौर पर अपने पूर्व पदस्थापन में योगदान देना होगा। कोविड सेंटर में कार्य के दौरान चिकित्सकों, नर्सों की रहने की व्यवस्था पेइंग वार्ड के पांचवे तल्ले में होगी और पारा मेडिकल कर्मियों व अन्य कर्मियों के लिए कॉटेज में व्यवस्था की गई है। गुरुवार को प्रबंधन द्वारा इस संबंध में आदेश जारी की गई है। आदेश में चिकित्सकों, नर्सों, पारा मेडिकल कर्मियों व अन्य कर्मियों की क्वारांटाइन अवधि में रहने और खाने की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की बात भी कही गई है।