सीआइडी में तैनात पुलिसकर्मी के बेटे को बस ने कुचला
रांची में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार को सुजाता चौक के पास एक संस्थान की बस ने सीआईडी पुलिसकर्मी के बेटे को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गयी।
जागरण संवाददाता, रांची : राजधानी के सुजाता चौक के समीप क्लब रोड जाने वाले रास्ते पर कैंब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलोजी (सीआइटी) की बस ने स्कूटी सवार को चपेट में ले लिया। इससे सीआइडी में पदस्थापित पुलिसकर्मी आनंद एक्का के पुत्र आशीष एक्का (20) की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सवा सात बजे सीआइटी की बस (जेएच-01सीजेड-9540) मेन रोड से क्लब रोड की ओर मुड़ रही थी। उसी दौरान डोरंडा जैप कॉलोनी निवासी अनुराग क्षेत्री की स्कूटी पर पीछे बैठकर आशीष जा रहा था। पीछे से आ रही बस ने धक्का मार दिया। इससे आशीष सड़क पर गिर गया। गिरने के बाद बस का चक्का उसके शरीर पर चढ़ गया। इससे मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके से बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया। मौके पर ट्रैफिक डीएसपी रंजीत लकड़ा व चुटिया थाने की पुलिस पहुंची थी। ट्रक को जब्त कर पुलिस थाने ले गई। उसके साथ जा रहे दोस्त अनुराग क्षेत्री ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान आशीष से दो घंटे पहले हुई। एक दोस्त ने ही पहचान कराई थी। इसके बाद वह स्कूटी से स्टेशन छोड़ने के लिए बोला। उसे लेकर स्कूटी से स्टेशन लेकर जा रहा था। उसी दौरान हादसे का शिकार हो गया। उसे गुरुनानक अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मोरहबादी मे रहकर करता था पढ़ाई : आशीष मोरहाबादी के समीप स्थित एक लॉज में रहकर पढ़ाई करता था। मूल रूप से वह लोहरदगा का रहने वाला था। उसके पिता आनंद एक्का गुमला में पदस्थापित हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन गुरुनानक अस्पताल पहुंचे। शव फिलहाल गुरुनानक अस्पताल में ही रखा गया है। शनिवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इधर धुर्वा में एक की मौत : इधर धुर्वा थाना क्षेत्र के एसबीआई बैंक के सामने पैदल जा रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इससे मौके पर ही व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रिम्स भेज दिया। व्यक्ति की पहचान नहीं हो गई। वाहन कुचलने के बाद भाग निकला।