दुल्हन लेने राजस्थान से पहुंची बरात, दूल्हा के साथ सारे बरातियों को थाने में लगानी पड़ी हाजिरी
शादी का अरमान लेकर पहुंचे दूल्हा को दुल्हन तो नहीं ही मिली उसे थाने में जाकर बांड भी भरना पड़ गया। भनक पुलिस को लग गई। लड़की को बालिका वधू बनने से बचा लिया गया।
ठेठईटांगर (सिमडेगा), जासं। ठेठईटांगर प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार कॉलोनी में 1400 किमी दूर राजस्थान से बरात पहुंची थी। दूल्हा विजय कुमार गुप्ता सज-धजकर गाजे-बाजे के साथ पहुंचा था। पर, ऐन वक्त पर पता चला कि लड़की नाबालिग है। इसकी भनक पुलिस को लग गई। लड़की को बालिका वधू बनने से बचा लिया गया। दूसरी ओर, शादी का अरमान लेकर पहुंचे दूल्हा को दुल्हन तो नहीं ही मिली, उसे थाने में जाकर बांड भी भरना पड़ गया। मामला ठेठईटांगर प्रखंड मुख्यालय बाजार कॉलोनी का है।
बताया गया कि ठेठईटांगर बाजार कॉलोनी निवासी नीरज लोहरा की बेटी की शादी हो रही थी। सूचना गांव की कुछ महिलाओं को मिली कि नाबालिग लड़की की शादी लगभग 1400 किलोमीटर दूर स्थित राजस्थान के हरलाल नैनिया गोवारी करौली में हो रही है। इधर प्रशासन को सूचना मिलते ही आनन-फानन में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार, थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह, मुखिया बंधु मांझी वहां पहुंच गए। शहनाई व बाजा को बंद कराकर और पहले से आए दो लोगों व लड़की और उसके पिता को थाना प्रभारी ने सोमवार को थाने में ही रखा।
थाना प्रभारी ने कहा कि मंगलवार को आने वाले बरातियों को आने दिया जाए, ताकि मामला स्पष्ट हो जाए। क्योंकि कुछ लोगों को यह भी शक था कि शादी का झांसा देकर कहीं लड़की को दूर ले जाकर बेच न दें। इधर लड़की के पिता नीरज लोहरा और उधर से लड़के के अभिभावक अजय रामचंद्र गुप्ता और पुरुषोत्तम गुप्ता को रात भर थाने में रखा गया।
मंगलवार को बरात दूल्हा के साथ 12 बजे ठेठईटांगर पहुंची। सूचना थाना प्रभारी को मिली। सभी बरातियों को थाना लाया गया। मौके पर मजिस्ट्रेट सह प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी मनोज कुमार द्वारा बैठक की गई। बैठक में दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की। तभी दोनों पक्षों ने अपने अपने विचार रखे। प्रशासन के मुताबिक लड़की की उम्र 18 साल नहीं हुई है। इसलिए एक साल का इंतजार करना होगा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए अब लड़की की छानबीन प्रत्येक सप्ताह होती रहेगी। इसलिए लड़की ठेठईटांगर से बाहर अभी एक साल तक नहीं जाएगी और लड़की से भी कहा कि अभी तुम्हें एक साल तक शादी नहीं करनी है। इधर, बरात में आए मुकेश कुमार, पुरुषोत्तम गुप्ता, अजय रामचंद्र गुप्ता, अजय गुप्ता, राजेश कुमार गुप्ता, अंकित गुप्ता, बबलू गुप्ता आदि ने थाने में बांड लिखा और कहा ऐसी गलती अब दोबारा नहीं होगी।