जानिए क्यों हक्का-बक्का रह गए शकील अहमद, लालू के वार्ड में कैसे लगा उनके नाम का शिलापट्ट
Lalu Prasad Yadav. रांची के रिम्स में लालू प्रसाद यादव से मिलने के दौरान दिन भर राजनेताओं का जमावड़ा लगा रहा।
रांची, राज्य ब्यूरो। रांची के रिम्स में इलाज के लिए भर्ती लालू प्रसाद यादव से मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता डॉ शकील अहमद उस समय हक्का बक्का रह गए जब उन्होंने पेइंग वार्ड में अपने नाम का शिलापट्ट लगा देखा। दरअसल लालू प्रसाद जिस वार्ड में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं उसका जुड़ाव कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. शकील अहमद से है। डा. शकील अहमद जब संयुक्त बिहार में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री के पद पर थे तो उन्होंने ही रिम्स पेइंग वार्ड की आधारशिला रखी थी।
शनिवार को जब वे बीमार राजद प्रमुख लालू प्रसाद का हालचाल पूछने आए तो उन्हें इसका स्मरण हुआ। रिम्स के पेइंग वार्ड में शिलान्यास का वह पुराना पट्ट भी देखा। दैनिक जागरण से अपनी पुरानी यादें शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि यह महज संयोग है कि लालूजी यहां स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। लालू प्रसाद के स्वास्थ्य की चिंता सभी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों में भाजपा की शिकस्त इसका प्रमाण है कि झूठ का ज्यादा जीवन नहीं होता। यही वजह से कि कांग्रेसमुक्त भारत का इनका दंभ आम जनता ने ही चूर कर दिया है। 2019 के आमचुनाव में जनता इन्हें करारा जवाब देगी।
यह भी पढ़ें : फिर से राजनीति के केंद्र में आए लालू, रांची के RIMS में पकी विपक्षी महागठबंधन की खिचड़ी