Move to Jagran APP

शाहनवाज हुसैन बोले, कांग्रेस के डूबते जहाज में भगदड़, राहुल गांधी पर कांग्रेसियों को भरोसा नहीं

रांची में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस को डूबता जहाज बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में भगदड़ की स्थिति मची हुई है। झारखंड भी इससे अछूता नहीं हैं।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sat, 14 Mar 2020 08:45 PM (IST)Updated: Sat, 14 Mar 2020 08:45 PM (IST)
शाहनवाज हुसैन बोले, कांग्रेस के डूबते जहाज में भगदड़, राहुल गांधी पर कांग्रेसियों को भरोसा नहीं
शाहनवाज हुसैन बोले, कांग्रेस के डूबते जहाज में भगदड़, राहुल गांधी पर कांग्रेसियों को भरोसा नहीं

रांची, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश के सियासी संकट को आधार बना भाजपा ने कांग्रेस पर चौरतफा निशाना साधना शुरू किया है। इस कड़ी में शनिवार को रांची में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस को डूबता जहाज बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में भगदड़ की स्थिति मची हुई है। झारखंड भी इससे अछूता नहीं हैं। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में शाहनवाज हुसैन ने मध्य प्रदेश की राजनीतिक परिदृश्य पर कहा कि एमपी में कांग्रेस जाने वाली है। जल्द ही वहां भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेसियों को अब अपने शीर्ष नेता पर भी भरोसा नहीं रहा है।

loksabha election banner

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की दुर्दशा के लिए खुद कांग्रेस पार्टी ही जिम्मेदार है। इसकी दशा डूबते हुए जहाज की तरह हो गई है, जिस पर सवार लोग अपनी जान बचाने के लिए उससे कूद कर भाग रहे हैं। विशेषकर कांग्रेस के युवाओं को यह समझ मे आ गया है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में न तो उनका भला होने वाला है और न देश का। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की घर वापसी हुई है। वे पहले पार्टी नेताओं के दिल मे बसते थे, अब दल में भी शामिल हो गए। भाजपा उनकी दादी की खड़ी की हुई पार्टी है। इस मौके पर भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष सोना खान भी उपस्थित थे।

सीएए नागरिकता लेने नहीं, देने वाला कानून

सीएए कानून पर बोलते हुए हुसैन ने कहा कि यह नागरिकता देने वाला कानून है, नागरिकता लेने वाला नहीं। भारतीय मुसलमानों को डरने की आवश्यकता नहीं है। वे यहीं के हैं और यहीं रहेंगे भी, परंतु बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। वीसा की अवधि समाप्त होने पर मुसलमानों को भी मक्का-मदीना छोडऩा पड़ता है। अगर मजहब एक है तो फिर क्यों मुस्लिम देश आपस मे लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म निजी मामला है, इसे राष्ट्रीयता से न जोड़ें। हुसैन ने कहा कि भाजपा सरकार 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वासÓ मंत्र पर कार्य कर रही है। एनपीआर (राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर) पर कहा कि यह जनगणना के पूर्व की सामान्य प्रक्रिया है, जबकि एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर) की किसी स्तर पर कोई चर्चा ही नहीं है।

धरने पर बैठी महिलाओं से की अपील, किसी के बहकावे में न आएं

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नागरिकता कानून बनाकर मोदी सरकार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, मौलाना आजाद, पंडित जवाहरलाल नेहरू, भीमराव आंबेडकर के सपनों को साकार किया है। अब तो दुष्प्रचार करने वाले विरोधियों ने भी सरकार के निर्णयों पर अपनी सहमति जताई है। उन्होंने धरने पर रांची में बैठी बहनों से आग्रह किया कि वे किसी के बहकावे में नही आएं, और धरना समाप्त करें।

राज्यसभा में भाजपा की जीत तय

शाहनवाज हुसैन ने राज्यसभा चुनाव में झारखंड से भाजपा प्रत्याशी दीपक प्रकाश की जीत को तय बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपक प्रकाश पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता और मेरे पुराने मित्र है। ये आवश्यकता से अधिक मत प्राप्त कर उच्च सदन में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह भी कहा कि बेहतर होता कि गुरुजी ऐसे वरिष्ठ नेता निर्विरोध जीत कर पहुंचते।

कांग्रेस का शाहनवाज पर पलटवार, कहा- सीएम तक तो हार गए

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा के केंद्रीय नेता शाहनवाज हुसैन पर पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपा ही डूबती हुई नाव है। झारखंड के लोगों ने उन्हें सत्ता से गिरा तो दिया ही, मुख्यमंत्री तक को हार का मुंह देखना पड़ा। इसके बाद नई दिल्ली में भी लोगों ने उन्हें नकार दिया है। अब बिहार और बंगाल में भी हार उनके करीब है। ऐसे हालात में शाहनवाज बेतुकी बातें कर रहे हैं।

पार्टी प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे और लाल किशोरनाथ शाहदेव ने एक बयान जारी कर कहा है कि प्रधानमंत्री ने झारखंड से तमाम योजनाओं का शुभारंभ किया, लेकिन जनता ने पूरी पार्टी को ठुकरा दिया। अब मध्य प्रदेश में एक लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। देश की जनता भाजपा का हिसाब रख रही है। दोनों नेताओं ने भाजपा प्रभारी अरुण सिंह के उस बयान की भी निंदा की है, जिसमें कांग्रेस को उम्मीदवार देने को भद्दा मजाक बताया गया था। कहा कि चुनाव में उम्मीदवार देना दलों का मौलिक अधिकार है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.