जानें झारखंड में कैसे आखिरी सांसें गिन रहे नक्सली, नए साल में कोबरा से सात एनकाउंटर
Police Maoist Encounter. झारखंड को नक्सलमुक्त बनाने को 31 दिसंबर का दूसरा अल्टीमेटम समाप्त होने के बाद पुलिस रेस हो गई है, जबकि नक्सली अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। पुलिस का नक्सलियों से लगातार सामना हो रहा है। अस्तित्व बचाने के लिए नक्सली जहां लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं वहीं, 31 दिसंबर के दूसरे अल्टीमेटम की समाप्ति के बाद पुलिस भी रेस है। यही कारण है कि इस वर्ष 2019 में 29 दिनों के भीतर नक्सलियों से मुठभेड़ की सात वारदातें हो चुकी हैं। झारखंड पुलिस के जवान अद्र्धसैनिक बलों की मदद से जंगलों में नक्सलियों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रहे हैं ताकि राज्य से नक्सलियों का खात्मा किया जा सके।
इस वर्ष हुई मुठभेड़
- 02 जनवरी 2019 : बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में राजडेरवा स्थित पहाड़ी पर पुलिस, झारखंड जगुआर व सीआरपीएफ के जवान अभियान पर थे। तभी भाकपा माओवादियों के जोनल कमांडर मिथिलेश सिंह उर्फ दुर्योधन महतो के दस्ता के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को विस्फोटक व नक्सली साहित्य हाथ लगे।
- 04 जनवरी 2019 : चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के कादी गांव स्थित असनापानी जंगल में पुलिस व सीआरपीएफ के जवानों का भाकपा माओवादियों के जोनल कमांडर आलोक उर्फ गुलशन यादव के दस्ते के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें भाकपा माओवादियों का एरिया कमांडर चंद्र सिंह भोक्ता मारा गया। वह बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के जयगीर भोक्ता टोला का रहने वाला था। पुलिस को उसके पास से एक इंसास व कारतूस आदि मिले थे।
- 12 जनवरी 2019 : गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के छदंदो के जंगल में पुलिस का भाकपा माओवादियों के नक्सली अजय महतो के दस्ते से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने माओवादियों का एक बंकर ध्वस्त किया।
- 13 जनवरी 2019 : दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित छत्तूपाड़ा में पुलिस व भाकपा माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें जोनल कमांडर सहदेव राय उर्फ ताला मारा गया। वह दुमका के काठीकुंड स्थित बड़ा सरूआपानी का रहने वाला था।
- 16 जनवरी 2019 : सरायकेला जिले के कुचाई थाना क्षेत्र स्थित लुदुबेरा व चारसूल के बीच पुलिस से माओवादियों का मुठभेड़ हो गया। इसमें सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के एक हवलदार को कंधे में गोली लगी है।
- 29 जनवरी 2019 : खूंटी जिले के मुरहू थाना व चाईबासा जिले के बंदगांव थाना के सीमावर्ती तिरला के जंगल में मुठभेड़ में पांच नक्सली मारे गए, दो अन्य जख्मी हुए। भारी मात्रा में हथियार की बरामदगी हुई है।
- 29 जनवरी 2019 : लातेहार जिले के छीपादोहर थाना क्षेत्र स्थित कुरूमखेता के जंगल में जिला बल, कोबरा बटालियन व माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें पुलिस को नक्सलियों के दैनिक उपयोग के सामान मिले हैं।