रांची में दो अलग-अलग जगहों पर मिले दो युवकों के शव, इलाके में सनसनी
रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र में आज दो अलग-अलग इलाकों में दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इसमें एक युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष है। वहीं दूसरे की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है।
रांची, जेएनएन । रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र में आज दो अलग-अलग इलाकों में दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इसमें एक युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष है। वहीं, दूसरे की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। दरअसल, नगड़ी थाना क्षेत्र के पिस्का गांव के पास आज सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला। जानकारी के अनुसार सुबह जब मार्निंग वाक के लिए लोग पिस्का रेलवे स्टेशन की और गए तो उन्होंने देखा कि रोड से बीस मीटर की दूरी पर पिस्का कोयला डंपिंग यार्ड के पास एक युवक का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।
जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना नगड़ी थाना पुलिस को दी। मृत युवक की पहचान नारो निवासी विमल उर्फ तूतू महतो के रूप में की गई। युवक के चेहरे पर मारपीट के निशान हैं। साथ ही धारधार हथियार से वार के भी निशान हैं। जिससे हत्या कर शव को फेंकने का अंदेशा लगाया जा रहा है। इसकी सूचना जैसे ही उसके परिवार वालों को मिली स्वजन रोते-बिलखते घटना स्थल पहुंचे। इस दौरान नगड़ी पुलिस शव का पंचनामा तैयार कर भेजने वाली थी। लेकिन स्वजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को घटना स्थल से ले जाने से मना कर दिया।
परिजन मांग कर है कि जब तक अपराधी की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक शव को नहीं ले जाने देंगे। दूसरी ओर भरौ टोली गांव के बगल में स्थित महुवा टोली के एक 42 साल के एक शादीशुदा युवक बिनोद उरांव की उसके घर से दो सौ मीटर की दूरी पर ही एक खेत के किनारे मृत अवस्था में शव मिला। पति के मौत की खबर सुनकर मृतक की पत्नी मुनी तिर्की का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर नगड़ी पुलिस दोनों शवों के विषय में आंरभिक छानबीन जारी कर दी है।