सपनों को साकार करने के लिए आत्मविश्वास व दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी
भावी पीढ़ी में संस्कारों के संचार के लिए चलाई गई दैनिक जागरण की मुहिम में बच्चों को संस्कार की बातें बताई़ जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, रांची : भावी पीढ़ी में संस्कारों के संचार के लिए चलाई गई दैनिक जागरण की मुहिम संस्कारशाला के तहत सोमवार को हवाई नगर स्थित फ्लोरेंस नाइटएंगल स्कूल में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। स्कूल की प्राचार्या राखी कुमारी ने विद्यार्थियों को बताया कि किस तरह से शिक्षक एक पथ प्रदर्शक की भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जीवित रहने के लिए भोजन, हवा और पानी जरूरी है ठीक उसी प्रकार सपनों को साकार करने के लिए आत्मविश्वास व दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है। सबसे अहम है कि आप अच्छे संस्कार अपनाएंगे तो आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। शिक्षकों ने दैनिक जागरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।
---------
बोलचाल व स्वभाव में संस्कार की झलक
प्राचार्या ने बच्चों से कहा कि हमारा बोलचाल और हमारा स्वभाव ही हमारे संस्कारों की झलक दिखाते हैं। बच्चे की सबसे पहली संस्कारशाला उसका घर है। पहला संस्कार देने वाली बच्चे की मा। कहा, अपने संस्कारों से जुड़े रहें, बड़ों का सत्कार करें और छोटों को प्यार करें। सभी को अच्छा सीखने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। प्राचार्या ने कहा कि संस्कारशाला के जरिए विद्यार्थियों में संस्कारों का समावेश तो होता ही है साथ ही उनका व्यक्तित्व भी निखर कर सामने आता है। प्राचार्या ने जल संकट, प्लास्टिक की समस्या और स्वच्छता पर भी जोर दिया। कहा, अपने आसपास को स्वच्छ रखें। यह हमारे अच्छे संस्कारों को दिखाता है। युवा पीढ़ी दृढ़ संकल्पित हो कर लग जाएं तो समाज को स्वच्छ व स्वस्थ रखना आसान हो जाएगा। हम आने वाली समस्याओं से मुक्ति का उपाय अभी ढूंढ लें अन्यथा एक साथ कई संकट खड़े हो जाएंगे तो निपटना मुश्किल हो जाएगा।
---
संस्कारशाला की कहानी सुनाई
कार्यक्रम में एक विद्यार्थी ने दैनिक जागरण में प्रकाशित संस्कारशाला संबंधित कहानी को पढ़कर सभी को सुनाया। इसके बाद विद्यार्थियों से अभ्यास के प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। अभिभावकों ने भी दैनिक जागरण की संस्कारशाला की सराहना करते हुए इसे अच्छी पहल बताया है।