सरयू राय बोले, जमशेदपुर की बस्तियों के मालिकाना हक का कानून बनाए सरकार
जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने मुख्य सचिव से मुलाकात की। उनके साथ असंवैधानिक जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के स्थान पर नगर निगम अथवा औद्योगिक शहर बनाने टाटा लीज नवीकरण समझौते की समीक्षा करने पर चर्चा की।
रांची, राज्य ब्यूरो। जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने राज्य सरकार से मांग की है कि बस्तियों को मालिकाना हक दिलाने के लिए कानून बनाया जाए। मंगलवार को उन्होंने कई विषयों को लेकर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह से मुलाकात की। इस दौरान राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव भी मौजूद थे।
सरयू राय ने बताया कि बैठक में बस्तियों को मालिकाना हक समेत केबुल कंपनी को नीलामी से बचाने, असंवैधानिक जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के स्थान पर नगर निगम अथवा औद्योगिक शहर बनाने, टाटा लीज नवीकरण समझौते की समीक्षा करने, शिकायत निवारण पदाधिकारी बनाने, कंपनियों के सीएसआर फंड का हिसाब लेने समेत जमशेदपुर की कंपनियों का शहर में खर्च करने आदि मुद्दों पर मुख्य सचिव संग बातचीत हुई।
आंदोलन कर रहे युवाओं से मिलीं सीता सोरेन
झामुमो विधायक सीता सोरेन ने मंगलवार को मोरहाबादी में आमरण अनशन कर रहे जेटेट (झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा) अभ्यर्थियों व पंचायत सचिव अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने वस्तुस्थिति की जानकारी सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। विधायक ने होमगार्ड एवं जैप बहाली के लिए आंदोलनरत लोगों का जूस पिलाकर अनशन भी खत्म कराया।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से दो महीने से अनशन कर रहे सभी जेटेट एवं पंचायत सचिव अभ्यर्थी के साथ बेरोजगार युवकों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की अपील की है। कहा कि इनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाए। उम्मीद से भरे इन युवाओं के समर्थन से ही झामुमो सत्ता में आई है और इनकी बात जरूर सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार इन्हें पहले नियुक्त कर दे और वेतन प्रक्रिया बाद में शुरू करे। आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री ने इन अभ्यर्थियों की मांगों को संज्ञान लिया है और जल्द ही मामले का समाधान निकलेगा।