Move to Jagran APP

झारखंड में मंत्री सरयू राय और सीएम रघुवर विवाद में कूदा भाजपा आलाकमान

Saryu rai and CM Raghubar Das झारखंड में सीएम रघुवर दास और मंत्री सरयू राय के बीच तल्ख होते रिश्तों में नरमी लाने की कवायद तेज हो गई है।

By Edited By: Published: Thu, 14 Feb 2019 05:36 AM (IST)Updated: Thu, 14 Feb 2019 02:53 PM (IST)
झारखंड में मंत्री सरयू राय और सीएम रघुवर विवाद में कूदा भाजपा आलाकमान
झारखंड में मंत्री सरयू राय और सीएम रघुवर विवाद में कूदा भाजपा आलाकमान

रांची, राज्य ब्यूरो, मुख्यमंत्री रघुवर दास और मंत्री सरयू राय के बीच तल्ख होते रिश्तों में नरमी लाने की कवायद तेज हो गई है। इस सिलसिले में दोनों गुरुवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आमने-सामने होंगे। सरयू राय समेत राज्य सरकार के तमाम मंत्रियों को भी यहां शाम में होने वाली बैठक में मौजूद रहने को कहा गया है। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल मध्यस्थ की भूमिका में होंगे। दरअसल, 16 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गोड्डा के दौरे पर आने वाले हैं। उसके ठीक बाद 17 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हजारीबाग आएंगे। ऐसे में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व यह नहीं चाहता कि इस विवाद की छाया दोनों प्रमुख नेताओं के कार्यक्रम पर पड़े।

loksabha election banner

यही वजह है कि पूरी वस्तुस्थिति को देखने-समझने के लिए भाजपा आलाकमान ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल को इस मुहिम में लगाया है कि वे ताजा विवाद को शांत करने का प्रयास करें। इससे संगठन के कार्यकर्ताओं में गलत संदेश जा रहा है। गौरतलब है कि एक सप्ताह से जारी इस विवाद में सरयू राय अबतक अपना पक्ष रखते रहे हैं। उनका कहना है कि रघुवर सरकार में उनकी एक नहीं सुनी जाती। वे लगातार सरकार के नीतिगत फैसलों की खामियों की ओर ध्यान दिलाते हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में उन्हें सरकार में बने रहने में शर्मिंदगी महसूस होती है। सरयू राय मंत्री पद भी छोड़ना चाहते हैं।

उन्होंने तमाम बातों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से नई दिल्ली जाकर मुलाकात करने की भी कोशिश की। भेंट नहीं होने के कारण उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को एक पत्र लिखकर भी अपनी पीड़ा साझा की। यह पत्र मीडिया की सुर्खियां पा चुका है। इन विवादों के बीच जमशेदपुर में संगठन के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास के आगमन से पहले सरयू राय मंच छोड़कर चले गए। इससे दोनों नेताओं के बीच बढ़ती खटास का पता चलता है। हालांकि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सरयू राय के आरोपों पर मुंह नहीं खोला है।

 कार्यक्रम की तैयारियों का लेंगे जायजा
भाजपा प्रदेश भाजपा के मुताबिक राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल का आगमन कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर हो रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री राज्य के दौरे पर आएंगे। प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बताया कि सांगठनिक दृष्टिकोण से उनका प्रवास तय किया गया है। वे इस दौरान तैयारियों का जायजा लेंगे। इसी क्रम में पार्टी दफ्तर में बैठक बुलाई गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.